सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत आज जिले में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। बुधवार सुबह ठीक 7 बजे कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने तीर्थ यात्रियों से भरी बस को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया।
यात्रा के प्रारंभ में पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंज उठा। कलेक्टर ने स्वयं बस के भीतर जाकर यात्रियों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और सुखद यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

तीनों विकासखंडों से चयनित श्रद्धालुओं को मिला अवसर-

इस विशेष तीर्थ यात्रा के लिए जिले के तीनों विकासखंडों—बरमकेला, सारंगढ़ और बिलाईगढ़—से पात्र हितग्राहियों का चयन किया गया है। योजना के अनुसार, यह जत्था बस के माध्यम से रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुँचेगा, जहाँ से विशेष ट्रेन के जरिए श्रद्धालु अयोध्या तक का सफर तय करेंगे। अयोध्या पहुँचने पर स्थानीय परिवहन की व्यवस्था भी शासन द्वारा की गई है, जो यात्रियों को सीधे मंदिर के द्वार तक ले जाएगी।
मुख्यमंत्री की पहल: पूरी तरह नि:शुल्क है यात्रा-
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार श्रद्धालुओं की इस पूरी यात्रा का खर्च वहन कर रही है। इसमें यात्रा, आवास और भोजन की समस्त व्यवस्थाएं शासन की ओर से निशुल्क प्रदान की जा रही हैं। यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने जीवन का एक भावुक और ऐतिहासिक क्षण बताया।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति-
विदाई समारोह के दौरान भक्तिमय माहौल में प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद रहा। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, उप संचालक विनय तिवारी, सीईओ जनपद पंचायत राधेश्याम नायक एवं डॉ. रामभूषण तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों को तिलक लगाकर और पुष्प भेंट कर विदा किया।
- हरी खाद और बीजीए कल्चर से बदलेगी खेती की तस्वीर : संयुक्त संचालक राठौर ने सारंगढ़ कृषि विभाग को दिए बड़े निर्देश… - May 7, 2026
- उर्वरक वितरण पर नहीं कोई रोक : सरकार ने अफवाहों पर लगाया विराम, किसानों से भ्रामक खबरों से बचने की अपील… - May 7, 2026
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ को मिली नई कलेक्टर : आईएएस पद्मिनी भोई साहू ने संभाली कमान, प्रशासनिक महकमे में उत्साह…. - May 7, 2026
