सारंगढ़-बिलाईगढ़। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ताराचन्द देवांगन ने इसे पूरी तरह से फीका और जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेरने वाला है।

महंगाई और बेरोजगारी पर चुप्पी-
जिलाध्यक्ष ताराचन्द देवांगन ने कहा कि बजट में देश के सबसे ज्वलंत मुद्दों—महंगाई और बेरोजगारी—पर कोई ठोस योजना नहीं दिखी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केवल अर्थव्यवस्था के बढ़ते आंकड़ों से युवाओं को रोजगार मिल जाएगा? देवांगन के अनुसार, रोजगार सृजन के लिए किसी विशेष रोडमैप का अभाव बजट की सबसे बड़ी विफलता है।
बजट के मुख्य बिंदु और कांग्रेस की आपत्ति-
1- पहली बार रविवार को बजट: इतिहास में पहली बार रविवार को बजट पेश किया गया, लेकिन इस नवाचार के बावजूद सामग्री में नयापन गायब रहा।
2- ग्रामीण अर्थव्यवस्था की अनदेखी: बजट में ग्रामीण भारत की आर्थिक स्थिति को सुधारने या किसानों और मजदूरों को राहत देने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
3- स्पष्टता का अभाव: वित्त मंत्री के 90 मिनट के भाषण के बाद भी विभिन्न योजनाओं के लिए बजटीय आवंटन की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
4- आंकड़ों में उलझाने की कोशिश: देवांगन ने नीति निर्माण में समन्वय की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि जीडीपी और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) श्रृंखला के तत्काल बाद संशोधित आंकड़े पेश करना संदेहास्पद है।
जनता के साथ छलावा-
ताराचन्द देवांगन ने कड़े शब्दों में कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों की बाजीगरी है। “आर्थिक वृद्धि” का दावा खोखला है जब तक उसका लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक न पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस बजट के माध्यम से देश की जनता को एक बार फिर ठगने का काम किया है।
- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




