अन्नदाताओं को अपराधी मान रही भाजपा सरकार, जांच के नाम पर किसानों का उत्पीड़न बंद हो: बिनोद भारद्वाज
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में धान खरीदी के दौरान किसानों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर राजनीति गरमा गई है। जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बिनोद भारद्वाज ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार करते हुए इसे “अन्नदाताओं का अपमान” करार दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि धान खरीदी को केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसानों को प्रताड़ित करने का जरिया बना दिया गया है।
“किसान ने खेती की है, कोई अपराध नहीं”
बिनोद भारद्वाज ने कड़े शब्दों में कहा कि जिला प्रशासन द्वारा किसानों के घरों और खेतों में जिस तरह छापेमारी की जा रही है, उससे ऐसा प्रतीत होता है जैसे धान कोई गैर-कानूनी वस्तु हो। उन्होंने कहा, “किसानों को आज शक की दृष्टि से देखा जा रहा है। जांच के नाम पर उनके घरों में दबिश दी जा रही है और उन्हें अपराधियों की तरह खड़ा करके फोटो खींची जा रही है। यह उन मेहनतकश किसानों का घोर अपमान है जो प्रदेश का पेट भरते हैं।”
टोकन के लिए तरस रहे किसान, वादे निकले खोखले-
वरिष्ठ नेता ने सरकार के “एक-एक दाना” खरीदने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी हकीकत इसके उलट है।
सत्यापन का जाल: खेतों से लेकर घरों तक बार-बार सत्यापन होने के बावजूद किसानों को धान बेचने के लिए टोकन जारी नहीं किए जा रहे हैं।
धान खरीदने से बचने के पैंतरे-
बिनोद भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार नए-नए नियम और सख्तियां सिर्फ इसलिए लागू कर रही है ताकि उसे कम से कम धान खरीदना पड़े।
प्रशासनिक सख्ती पर उठाए सवाल
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों पर की जा रही छापामार कार्रवाई और उन्हें अपमानित करने का खेल तुरंत बंद होना चाहिए। भाजपा सरकार के नेता चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते थे, लेकिन आज सत्ता में आते ही उन्होंने किसानों को अपराधियों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है।
“भाजपा सरकार की नीतियां केवल कागजों पर किसान हितैषी हैं, धरातल पर तो सिर्फ किसान का शोषण और अपमान हो रहा है।”
— बिनोद भारद्वाज, जिला पंचायत सदस्य
- सारंगढ़ में VBG-RAM G कार्यशाला संपन्न, निखिल बानी ने दी स्वरोजगार की गारंटी… - January 29, 2026
- शासकीय विद्यालय हरदी में वार्षिकोत्सव की धूम…जिला पंचायत अध्यक्ष ने दी अतिरिक्त कक्ष की सौगात.. - January 29, 2026
- सारंगढ़ :प्रशासनिक मार्ग पर ‘मानवीय गरिमा’ तार-तार..नंदा चौक से तहसील कार्यालय तक एक भी शौचालय नहीं.. - January 29, 2026
