राजनीतिक साजिश नहीं थी बिरनपुर हत्याकांड, CBI ने 18 आरोपियों के खिलाफ पेश की चार्जशीट…
प्रदेश के चर्चित बिरनपुर हत्याकांड राजनीतिक साजिश नहीं थी। इसका राजफाश सीबीआई की चार्टशीट में हुआ है। सीबीआई ने मामले में जांच पूरी कर कोर्ट में 18 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी है।
हत्याकांड में मारे गए भुवनेश्वर साहू के पिता ने जिन लोगों पर आरोप लगाए थे, उनका कहीं भी जिक्र नहीं है।
भुवनेश्वर के पिता व वर्तमान भाजपा विधायक ईश्वर साहू लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि अंजोर यदु की भूमिका के कारण हत्या को अंजाम दिया गया था। लेकिन चार्जशीट में अंजोर यदु के नाम की भूमिका का जिक्र नहीं है। बिरनपुर हत्याकांड को लेकर जमकर राजनीति हुई थी।
भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में बेमेतरा जिले की साजा सीट से भुवनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को चुनाव मैदान में उतारा था। इन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रवीन्द्र चौबे को हराया था। ईश्वर साहू ने इससे पहले कभी राजनीति नहीं की थी। भाजपा ने चुनाव से पहले इस मुद्दे पर पूर्ववर्ती कांग्रेस को खूब घेरा था।
गृहमंत्री ने सीबीआई जांच की घोषणा की थी
राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद विधानसभा में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि जिनके खिलाफ प्रमाण मिले हैं, वे जेल में हैं, शेष की विवेचना जारी है। जब ईश्वर साहू ने पुनः न्याय की मांग की, तो गृहमंत्री ने इसे पराक्रमी पिता का दर्द बताते हुए सदन में सीबीआई जांच की घोषणा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच केवल भुवनेश्वर साहू की हत्या तक सीमित होगी।
घोषणा के बाद 27 अप्रैल 2024 को सीबीआई पहली बार बिरनपुर पहुंची। टीम ने बेमेतरा, साजा और बिरनपुर में स्थानीय अधिकारियों से चर्चा कर पुलिस विवेचना के बिंदु लिए और नए सिरे से जांच शुरू की थी।
यह है बिरनपुर हत्याकांड
बेमेतरा जिले के बिरनपुर में 8 अप्रैल 2023 को दो गुटों में विवाद हुआ था, जिसमें भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। घटना को धार्मिक रंग देने की वजह से गांव में तनाव फैल गया था। कुछ घरों में आग लगा दी गई थी। 10 अप्रैल को गांव के ही रहीम और उसके बेटे ईदुल मोहम्मद की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से गांव में दो सप्ताह के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया था।
चार्जशीट में इन आरोपियों का नाम
स्थानीय पुलिस ने जांच के बाद सभी 12 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। जिसमें नवाब खान, जलिल खान, बसीर खान, मुख़्तार मोहम्मद, सफीक मोहम्मद, अब्दुल खान, अकबर खान, मोहम्मद जनाब, अयूब खान, निज़ामुद्दीन, राशिद खान और कल्लू खान शामिल थे। इसके बाद राज्य सरकार ने मामला सीबीआई काे सौंपा था। बाद में सीबीआई ने मामले की विस्तृत जांच की और छह अन्य आरोपित सामने आए। इनमें अमीर खान, जमीर खान, सलमान मोहम्मद, अपजल खान, फ़ज़ल खान और अब्बास मोहम्मद शामिल हैं।
- IIM रायपुर में सारंगढ़ के जनप्रतिनिधियों ने सीखे सुशासन के गुर..नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कौशल का हुआ विकास..5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न: जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी साहू समेत अन्य सदस्यों ने प्राप्त किया विशेष मार्गदर्शन… - January 28, 2026
- गणतंत्र दिवस परेड में ‘धरती आबा’ झांकी ने जीता दिल..आदिवासी विकास विभाग को मिला प्रथम पुरस्कार..सांसद और विधायक के हाथों सम्मानित हुए अधिकारी; 25 जनकल्याणकारी योजनाओं की थीम पर आधारित थी भव्य झांकी.. - January 28, 2026
- “वोट की ताकत ही लोकतंत्र की असली शक्ति”: जिपं सभापति वैजयंती लहरे..राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभापति ने याद दिलाया संवैधानिक अधिकार.. - January 28, 2026
