जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम करजी में मंगलवार सुबह शराबी पिता ने अपने ही 2 साल के मासूम बेटे हर्षित को बेरहमी से पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया।

मासूम की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी पिता जुगलाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी को फोन पर दी थी मौत की धमकी
घटना से कुछ घंटे पहले ही आरोपी ने अपनी पत्नी विनीता सिंह को फोन पर कहा कि तेरे बेटे हर्षित को मार डालूंगा। पत्नी ने इसे मजाक समझा, लेकिन कुछ देर बाद ही उसके पास फोन आया कि बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। इस खबर ने मां को गहरे सदमे में डाल दिया।
प्रेम विवाह के बाद टूटा परिवार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जुगलाल सिंह ने 3 साल पहले ग्राम कमलेश्वरपुर निवासी विनीता से प्रेम विवाह किया था। शुरू में सब ठीक रहा, लेकिन जल्द ही शराब की लत और आए दिन के झगड़ों ने रिश्ते को जहरीला बना दिया। पत्नी एक साल पहले मायके मैनपाट के रोपाखार चली गई थी। आरोपी ने कई बार बेटे को अपने पास रखने की जिद की। बेटे को अपने पास लेने के बाद उसने ही उसकी जान ले ली।
पड़ोसी के घर से खींचकर लाया और मार डाला
16 सितंबर की सुबह मासूम हर्षित अपनी मौसी रहमेन के घर खेल रहा था। तभी आरोपी गुस्से में वहां पहुंचा और बेटे का हाथ पकड़कर खींचते हुए अपने घर ले गया। दरवाजे के पास उसने बच्चे को कई बार जमीन पर पटका और लात-घूंसों से घायल कर दिया। गंभीर चोट लगने से बच्चा वहीं बेहोश हो गया। परिजन और ग्रामीण तुरंत बच्चे को जिला अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए दरिमा पुलिस ने आरोपी जुगलाल सिंह को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- बिना लाइसेंस बिक रही थी कीटनाशक दवाएं, कृषि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप… - September 20, 2026
- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
