छत्तीसगढ़:कांसा पीतल चमकाने के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार…
बालोद। बालोद पुलिस ने पुराने कांसा-पीतल के बर्तन चमकाने के बहाने ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल का रहने वाला ठग छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में अपना नाम और पहचान बदलकर ग्रामीणों को अपना शिकार बनाता था।
वह लोगों को नए बर्तन देने और बदले में महंगे इनाम देने का झांसा देकर उनके कीमती बर्तन हड़प लेता था। बालोद पुलिस ने शुक्रवार को धमतरी से ठग को गिरफ्तार किया। जिसके पास से 526 किलो वजनी कांसा, पीतल, स्टील और जर्मन के बर्तन बरामद किए गए हैं। इनकी कुल कीमत 2 लाख 92 हजार रुपए आंकी गई है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया है।
बालोद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो वह खुद को कृष्णा यादव बताता रहा। लेकिन जांच की गई तो पता चला कि आरोपी का असली नाम शेख सागर (34 वर्ष) है और वो पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के थाना उमरगंज के साहपुकुर का रहने वाला है। वह वर्तमान में संजय नगर, गोसाई चौक थाना टिकरापारा, रायपुर में रह रहा था। 3 मार्च को गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा निवासी योगेंद्र कुमार श्रीवास ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी गांव वालों को पुराने कांसा-पीतल के बर्तन साफ करने का झांसा देकर फरार हो गया। इस पर गुंडरदेही पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी के पास से 255 किलोग्राम पीतल के बर्तन, 64 किलोग्राम कांसे के बर्तन, 138 किलोग्राम जर्मन के बर्तन, 69 किलोग्राम स्टील के बर्तन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा घटना में मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। एसपी एसआर भगत ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। भारी मात्रा में पीतल और कांसे के बर्तन जब्त किए गए हैं। यह जांच की जा रही है कि ठगी किन-किन स्थानों पर की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अनजान व्यक्तियों पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति सोना-चांदी या पीतल-तांबा चमकाने के बहाने संपर्क करता है, तो उससे सावधान रहें और तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें।
- वक्ता मंच की काव्य गोष्ठी: चेतन भारती महामूर्ख बने…”ये साल भी एक सवाल रह गया तेरे नाम का गुलाल रह गया”: राहुल साहू - March 2, 2026
- बरमकेला मे “दो विभाग, दो दुनिया: सड़कों पर पसीना बहा रही पुलिस विभाग ,’कोचियों’ को अभयदान दे रहे आबकारी साहब ? - March 2, 2026
- सारंगढ़ ब्रेकिंग: “सड़क पर पसरा सन्नाटा, बंधापली के पास काल बनकर दौड़ा ट्रक; मौत से जूझ रहा सालर का ईश्वर..” - March 2, 2026
