रायगढ़ : मां द्वारा पढ़ाई की नसीहत देने पर 9वीं क्लास की बालिका ने लगा ली फांसी…जांच में जुटी पुलिस टीम…
रायगढ़। मां द्वारा परीक्षा के हफ्तेभर पहले तैयारी की नसीहत देना एक नाबालिग छात्रा को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने इंदिरा आवास में दुपट्टे से फांसी लगाते हुए दुनिया को असमय अलविदा कह दिया। यह दुखद प्रसंग कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। पुलिस तहकीकात में जुटी है।
घटना की विवेचना कर रहे सहायक उपनिरीक्षक अर्जुन प्रसाद चन्द्रा ने बताया कि समीपस्थ किरोडीमल नगर से लगे इंदिरा निवास चिराईपानी में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कम्प मच गया, जब लोगों को भनक लगी कि इंदिरा आवास में रहने वाले भीमल माझी की बेटी कु. निधि (15 वर्ष) ने अपने घर में फांसी लगा ली। दरअसल, नलवा स्टील एंड पावर लिमिटेड में ठेकेदार के मातहत मजदूरी करने वाला भीमल माझी चिराईपानी में बीवी और 3 बच्चों के साथ रहता था। इसमें निधि किरोड़ीमल नगर के शासकीय स्कूल में नवमीं कक्षा पढ़ रही थी।
मंगलवार सुबह भीमल ड्यूटी करने नलवा जाने निकला। इस बीच भीमल की पत्नी के मोबाइल फोन में स्कूल से मैसेज आया कि नेहा की परीक्षा 28-29 सितंबर को है। चूंकि, नेहा पढ़ाई-लिखाई में ज्यादा ध्यान नहीं देती थी, इसलिए मां ने उसे बेवजह घूमने-खेलने की बजाए परीक्षा की तैयारी करने की समझाईश दी तो उसका मन उदास हो गया। अपरान्ह लगभग साढ़े 12 बजे नेहा को घर में पढ़ाई करने का आदेश देती हुए मां अपने छोटे बच्चे को लाने स्कूल गई।
कुछ देर में नेहा की मां स्कूल से घर लौटी तो वहां का नजारा देख उसके होश गुल हो गए, क्योंकि छज्जे में लगे लोहे के पाईप में नेहा दुपट्टे का फंदा कसते हुए उसमें झूल रही थी। बदहवास मां ने चीख चीत्कार मचाते हुए आसपड़ोस के लोगों को बुलाते हुए फंदे में लटक रही नेहा को नीचे उतारा तो पाया कि उसकी सांसें चल रही थी, इसलिए मौके की नजाकत को भांप उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। बावजूद इसके जीवन और मृत्यु के बीच संघर्षरत छात्रा की सांसों की डोर रास्ते में ही टूटकर बिखर गई। वहीं, दोपहर तकरीबन सवा 1 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया।
बहरहाल, पुलिस ने मृतिका के परिजनों का बयान दर्ज करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए शोकाकुल माझी परिवार को सौंप दिया। साथ ही मर्ग कायम कर छानबीन जारी है।
- खबर का असर : मुड़पार छोटे चेक डैम धांधली की होगी उच्चस्तरीय जांच.. - March 17, 2026
- “सारंगढ़ में कुदरत का कहर” झमाझम बारिश के साथ गिरे ओले..मौसम हुआ सुहाना पर किसानों के माथे पर खिंची चिंता की लकीरें.. - March 17, 2026
- पीलिया अलर्ट के बीच प्रशासन सख्त: सारंगढ़ में गुमटी-ठेले और होटलों पर ताबड़तोड़ जांच… - March 17, 2026
