छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के सामने पत्रकार को पीटा, कांग्रेस बोली- बीजेपी की गुंडागर्दी शुरू….
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के सामने बीजेपी कार्यकर्ताओं ने एक पत्रकार की जमकर पिटाई कर दी। घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री मीडिया को बयान देने के लिए बनाए गए मंच के पास पहुंच रहे थे।
कैमरे में दिखने के चक्कर में सीएम के आने से पहले ही मंच के आसपास भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि जब एक टीवी चैनल के पत्रकार ने उनसे जगह देने के लिए कहा तो बीजेपी कार्यकर्ता भड़क गए और भाजपा नेता अजय अग्रवाल सहित उनके साथियों ने पत्रकार के साथ मारपीट करने लगे।
शिकायत पर चुप रहे सीएम और डिप्टी सीएम
मीडियाकर्मी की पिटाई से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पिटाई से गुस्साए पत्रकारों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नाराजगी जताई, लेकिन मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने घटना पर कुछ नहीं कहा। मीडियाकर्मी ने घटना की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है। फिलहाल शिकायत पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कांग्रेस ने कहा शुरू हुई भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी
कांग्रेस ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि सरकार में आते ही भाजपा नेताओं ने गुंडागर्दी शुरू कर दी है। आदिवासी पत्रकार पर हमले के दौरान पुलिस अधिकारी मूकदर्शक बने रहे, यह निंदनीय है। सरगुजा संभाग से पहले मुख्यमंत्री की अंबिकापुर में पहली सभा में इस तरह की घटना से सरगुजा शर्मसार हुआ है।
बीजेपी कार्यकर्ता का था कार्यक्रम
बता दें कि अंबिकापुर में कार्यकर्ताओं का सम्मान करने भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सीएम विष्णु देव साय समेत दोनो डिप्टी सीएम, मंत्री और विधायक पहुंचे हुए थे। सरगुजा संभाग से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री समेत लगभग पूरे मंत्रिमंडल को खड़े कराकर कार्यकर्त्ताओं का अभिवादन कराया।
- नाश्ते में ऐसे बनाएं सॉफ्ट और परफेक्ट आलू का पराठा, स्वाद ऐसा कि हर बाइट में कहेंगे वाह! - March 5, 2026
- रंग पंचमी को कहां-कहां खेली जाती है होली, जो होती है रंगों के उत्सव की आखिरी तिथि… - March 5, 2026
- स्कूल में आरटीई के तहत पढ़ रहे बच्चों से कराई मजदूरी, अब छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने मांगा जवाब… - March 5, 2026
