रायगढ़:सरकारी स्कूल मे मिली 11 वर्षीय बालक की लहूलुहान लाश… पुलिस ने चचेरी बहन समेत दो को लिया हिरासत मे….
रायगढ़ जिले के ग्राम चिराईपानी के सरकारी स्कूल में गुरुवार सुबह बच्चे की लहूलुहान लाश मिली है। छात्र प्रीतम चौहान (11 वर्ष) एक दिन पहले लापता हो गया था, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे। छात्र शासकीय प्राथमिक शाला चिराईपानी में पढ़ता था। इधर पुलिस ने हत्या के शक में चचेरी बहन समेत 2 लोगों को हिरासत में लिया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जिंदल प्लांट के करीब स्थित चिराईपानी गांव के सरकारी स्कूल में 11 साल का बच्चा प्रीतम चौहान छठवीं कक्षा में पढ़ता था। बुधवार को छात्र घर से खेलने जाने का कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों और गांववालों ने रातभर उसकी तलाश गांव में और रिश्तेदारों के यहां की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह कुछ बच्चे स्कूल परिसर में खेलने के लिए पहुंचे, तो वहीं एक निर्माणाधीन भवन में उसकी लाश देखी। बच्चों ने तुरंत प्रीतम की लाश होने की खबर गांववालों और उसके परिजनों को दी। मृतक के परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां बच्चे की लाश देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी, कोतरा रोड पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्टस और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंची हुई है। घटनास्थल की जांच की जा रही है।

चचेरी बहन पर हत्या का शक
डॉग स्क्वाड हत्या में इस्तेमाल हथियार को सूंघते हुए मृतक के बड़े पिताजी के घर पहुंचा और चचेरी बहन के पास मंडराने लगा। डाग उसी के पास जाकर रुक गया, जिसके बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में ले लिया है। वहीं युवती के एक और साथी को भी हिरासत में लेने की खबर है। पुलिस ने बताया कि बच्चा स्कूल के पास बुधवार को खेल रहा था और आखिरी बार उसे अपनी चचेरी बहन के साथ ही देखा भी गया था। पुलिस ने बताया कि बाकी जानकारी आरोपियों से पूछताछ के बाद ही सामने आएगी।
पुलिस फिलहाल मृत बच्चे के माता पिता, रिश्तेदारों, दोस्त और गांववालों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने परिवार से मृतक की चचेरी बहन के बारे में भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।
