रायगढ़। कक्षा दसवीं की एक नाबालिग छात्रा ने घर के म्यांर में चुनरी से फांसी लगाते हुए दुनिया को असमय अलविदा कह दिया। यह दुखद प्रसंग कापू थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में थाना प्रभारी आरएस नेताम ने बताया कि कापू से लगभग 25 किलोमीटर दूर ग्राम बालकपोड़ी में रहने वाले मजदूर अर्जुन महंत की 17 वर्षीया बेटी कु. बसंती की लाश गुरुवार दोपहर घर के म्यांर में बंधे उसके ही चुनरी के फंदे में झूलती मिलने से सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को नीचे उतरवाते हुए पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया। साथ ही महंत परिवार और पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किया। दरअसल, अर्जुन अपनी बीवी के साथ सुबह मजदूरी करने निकला। कक्षा दसवीं पढ़ने वाली बसंती अपनी दादी और दो बच्चों के साथ घर में थी। दोपहर में अर्जुन घर वापस पहुंचा और बसंती के नहीं दिखने पर जब वह कमरे में गया तो अपनी नाबालिग बेटी की लाश को संदिग्ध परिस्थितियों में लटकते देख उसकी रूह तक कांप उठी।
किशोरी ने किन कारणों से परेशान होकर ऐसा आत्मघाती कदम उठाया, इसका खुलासा नहीं हो सका है। कापू पुलिस मर्ग कायम करते हुए घटना का सच जानने के लिए जांच पड़ताल कर रही है।

