सेतो गांव में मंगलवार को प्रेमी-प्रेमिका के 14 दिन बाद वापस लौटने के बाद गांव में पंचायती हुई। मुखिया प्रतिनिधि अरूण राम की अगुवाई में हुई पंचायती में प्रेमी उपेंद्र बैठा को 10 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया।

वहीं आरोपी प्रेमी को दंड स्वरूप सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक भी कराया गया।
14 दिन पहले भागे थे प्रेमी युगल
बताया जाता है कि सेतो गांव के जिहरुलिया टोला निवासी जितेन्द्र मुसहर की पत्नी भभीता देवी अपने प्रेमी सेतो गांव निवासी रामदेव बैठा के पुत्र उपेन्द्र बैठा के साथ अपने घर से 14 दिन पहले फरार हो गई थी। प्रेमिका की एक बेटी और प्रेमी उपेंद्र के दो पुत्र पहले से ही हैं।
परिवार ने लगाई थी न्याय की गुहार
दोनों प्रेमी प्रेमिका जब अपने गांव लौटे तो मुसहर परिवार ने न्याय की गुहार लगायी। उसपर मामले में मंगलवार को एक पंचायती हुई। पंचायती में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम मुख्य रूप से उपस्थित थे। उसके बाद पंचायती के दौरान ही दोनों से बारी-बारी से पूछताछ की गई।


