लखनऊ/कुशीनगर (उत्तर प्रदेश), कुशीनगर के कसया क्षेत्र में बुधवार की सुबह कथित रूप से विषाक्त टॉफी खाने से एक ही परिवार के तीन मासूमों सहित चार बच्चों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता तथा जांच के निर्देश दिए हैं।

उपजिलाधिकारी वरुण कुमार पांडेय ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि कसया थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ दिलीपनगर के लठउर टोला की मुखिया देवी सुबह घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान उन्हें एक पॉलिथिन में पांच टॉफी और नौ रुपये मिले। उन्होंने उसमें से तीन टॉफी अपने नातियों और एक टॉफी पड़ोसी के बच्चे को दे दी। चारों बच्चे टॉफी खाने के बाद खेलने के लिए कुछ दूर ही आगे बढ़े थे कि बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
उन्होंने बताया, ‘‘बच्चों को ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चों में तीन सगे भाई-बहनों मंजना (पांच), स्वीटी (तीन) और दो वर्षीय समर शामिल हैं। पड़ोस में रहने वाले बलेसर के पांच वर्षीय इकलौते बेटे अरुण की भी टॉफी खाने से मौत हुई है।’’
ग्रामीणों के मुताबिक टॉफी के रैपर पर बैठने वाली मक्खियों की भी मौत हो गई। एक टॉफी सुरक्षित रखी गई है। पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता तथा जांच के निर्देश दिए हैं।
- सारंगढ़ बिलाईगढ़ : शराब पीकर स्कूल आने वाले, नेटवर्क मार्केटिंग में लिप्त और दबंगई करने वाले 3 शिक्षक सस्पेंड…कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कड़े निर्देश पर डीईओ जे.आर. डहरिया की गाज..1 प्रधान पाठक पर विभागीय जांच की अनुशंसा..लापरवाह शिक्षकों में मचा हड़कंप.. - July 30, 2026
- हसौद में कथित अवैध शराब कारोबार पर बढ़ा आक्रोश, निष्पक्ष जांच की उठी मांग… - July 30, 2026
- सारंगढ़:किस्त जमा फिर भी मोबाइल लॉक? ग्राहकों ने लगाए गंभीर आरोप… - July 30, 2026




