सारंगढ़। चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को सुकमा और दंतेवाड़ा सहित 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश हो सकती है। संभावित मौसम परिस्थितियों को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व, पुलिस, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत और जल संसाधन सहित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर ने विशेष रूप से निचले इलाकों, जलभराव की आशंका वाले स्थानों तथा नदी-नालों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जलाशयों और बांधों के जलस्तर पर नियमित नजर रखने के साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए एसडीआरएफ और नगर सेना के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है। बारिश के दौरान नदी-नालों तथा जलभराव वाले मार्गों को पार नहीं करने, आंधी-तूफान और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर नहीं रुकने तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, किसानों से खेतों में रखी कृषि उपज और धान को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है, ताकि संभावित बारिश से फसल को नुकसान न हो। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट रहने और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
- हसौद क्षेत्र में काट पत्ती जुए की चर्चा, पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग… - October 25, 2026
- आवास अधूरे तो होगी राशि की वसूली, निरस्तीकरण की चेतावनी… - October 25, 2026
- सेवा सेतु पोर्टल से सरकारी सेवाएं होंगी आसान, पारदर्शी व्यवस्था पर जोर… - October 25, 2026
