सारंगढ़। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर सारंगढ़ का नाम रोशन करने वाले होनहार कराटे खिलाड़ी शिवा सारथी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वे कोमा में हैं और रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है। उनकी गंभीर हालत और परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।
शिवा सारथी ने इंटरनेशनल स्पोर्ट जीत कुन डो चैंपियनशिप-26 में गोल्ड मेडल जीतकर सारंगढ़ को गौरवान्वित किया था। वे केवल एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि रेफरी और कोच के रूप में भी खेल जगत में सक्रिय हैं। अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर उन्होंने खेल के क्षेत्र में पहचान बनाई है, लेकिन सड़क हादसे ने उनके जीवन को गंभीर संकट में डाल दिया है।
शिवा के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उनके माता-पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में रायगढ़ के निजी अस्पताल में चल रहे इलाज का बढ़ता खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। बेटे के बेहतर उपचार की चिंता के बीच परिवार आर्थिक मदद की उम्मीद लगाए हुए है।
परिजनों ने खेलप्रेमियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और संवेदनशील नागरिकों से आगे आकर शिवा के उपचार के लिए यथासंभव आर्थिक सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि संकट की इस घड़ी में लोगों का छोटा-सा सहयोग भी इलाज में मददगार साबित हो सकता है।
शिवा सारथी ने अपनी उपलब्धियों से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अब उन्हें जीवन की इस कठिन लड़ाई में समाज के सहयोग की जरूरत है। परिवार ने अपील की है कि जो लोग आर्थिक सहायता देने में सक्षम नहीं हैं, वे इस खबर और मदद की अपील को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें, ताकि शिवा के इलाज के लिए सहयोग जुटाया जा सके।
- मुड़पार में खेत में मिला 3 दिन से लापता गोपाल साहू का शव, गांव में सनसनी… - October 19, 2026
- सरिया में कैलाश नायक का जन्मदिन धूमधाम से मना, दुर्गा पंडाल में काटा केक… - October 19, 2026
- खीलन सोरेंग के भाजपा प्रवेश पर कांग्रेस का खंडन, सियासत गरमाई… - October 19, 2026
