सारंगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सारंगढ़ स्थित गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में महंत बंशीधर दास मिश्रा जी के मार्गदर्शन में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। नवरात्रि के अंतिम दिन महानवमी पर मंदिर परिसर में 51 कुंवारी कन्याओं एवं पंच भैरव को महाभोज कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां एकानन्दसा बगलामुखी से सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में वर्षभर विभिन्न धार्मिक परंपराओं के अंतर्गत मां एकानन्दसा की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। मंदिर में गुप्त नवरात्रि, शारदीय नवरात्रि और चैत्र नवरात्रि के दौरान विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होते हैं। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। पूरे नवरात्रि के दौरान मां एकानन्दसा बगलामुखी की विशेष पूजा, हवन और पाठ प्रतिदिन संपन्न कराया गया।
महानवमी के अवसर पर आयोजित कन्या भोज में अभामा महिला सम्मेलन की अध्यक्ष मधु केजरीवाल सहित शीला गर्ग, आशा अग्रवाल, पूनम शर्मा और सुमन केजरीवाल समेत केसरवानी समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने 51 कुंवारी कन्याओं एवं पंच भैरवनाथ को श्रद्धापूर्वक प्रसाद परोसा। इसके साथ ही दान स्वरूप विभिन्न सामग्री, नगद राशि और विविध प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा।
महंत बंशीधर दास मिश्रा जी ने बताया कि आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था गोपाल जी मंदिर छोटे मठ की ओर से की गई थी। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में मां भगवती की आराधना और कन्या पूजन का विशेष महत्व है। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा करना सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है।
महानवमी पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मां बगलामुखी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। महंत बंशीधर दास मिश्रा जी ने मां बगलामुखी से प्रार्थना की कि वे सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा प्रत्येक परिवार को सुख, शांति, समृद्धि और धन-धान्य से परिपूर्ण रखें।
- मुड़पार में खेत में मिला 3 दिन से लापता गोपाल साहू का शव, गांव में सनसनी… - October 19, 2026
- सरिया में कैलाश नायक का जन्मदिन धूमधाम से मना, दुर्गा पंडाल में काटा केक… - October 19, 2026
- खीलन सोरेंग के भाजपा प्रवेश पर कांग्रेस का खंडन, सियासत गरमाई… - October 19, 2026
