सारंगढ़। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर आज सारंगढ़ शहर में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। श्री श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा आज शाम 4 बजे अग्रसेन भवन से निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर अग्रवाल समाज में खासा उत्साह है। शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए गाजे-बाजे और आतिशबाजी की विशेष तैयारियां की गई हैं।
इस भव्य आयोजन का संयुक्त आयोजन अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला सभा, मारवाड़ी युवा मंच, अग्रसेन सेवा समिति, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन एवं अग्रसेन जयंती आयोजन समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। शोभायात्रा अग्रसेन भवन से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौक, नंदा चौक और आजाद चौक होते हुए अग्रसेन चौक पहुंचेगी। यहां महाराजा अग्रसेन जी की भव्य महाआरती कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी।
आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश धनानिया ने बताया कि जयंती के अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रातःकालीन आरती में पुरुष सदस्य कुर्ता-पायजामा तथा महिला सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी। आरती के मुख्य अतिथि अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल होंगे। वहीं, झंडा तोलन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश धनानिया रहेंगे।
शाम को निकलने वाली शोभायात्रा में भी समाज के सदस्य पारंपरिक परिधानों में शामिल होंगे। गाजे-बाजे, आतिशबाजी और महाराजा अग्रसेन जी के जयकारों के बीच निकलने वाली यह शोभायात्रा शहर में उत्सव का माहौल बनाएगी। महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, सामाजिक समरसता, सेवा और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाला यह आयोजन समाज की एकजुटता का प्रतीक बनेगा।

- सरपंच की अनूठी पहल, दहिदा स्कूल को मिला ग्रीन बोर्ड और सुंदर खेल मैदान… - October 10, 2026
- युवाओं के सपनों को नई उड़ान, संजय भूषण पाण्डेय ने दिया सफलता का मंत्र… - October 10, 2026
- अटल विहार पर लालफीताशाही का ताला, 454 घरों का सपना अधर में… - October 10, 2026
