सारंगढ़। पितृपक्ष की प्रथम संध्या पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम उलखर, सारंगढ़ निवासी मातुश्री स्वर्गीय श्रीमती ऐश्वर्या शुक्ला, धर्मपत्नी श्री मोहन लाल शुक्ला की पुण्य स्मृति में अक्षय वट का पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर मातृ स्मृति को चिरस्थायी बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

मां नाथल दाई धाम परिसर में हुआ रोपण
छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव अंजू जितेंद्र शुक्ला IAS ने अपने परिवार की श्रीमती कामाक्षी निरेंद्र शुक्ला के साथ मां नाथल दाई धाम परिसर में विधि-विधान से अक्षय वट का रोपण किया। पौधरोपण के दौरान परिवारजनों एवं उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
सनातन परंपरा में अक्षय वट का विशेष महत्व
कार्यक्रम के दौरान श्री मोहन लाल शुक्ला ने कहा कि शास्त्रों में एक वृक्ष लगाने को सौ पुत्रों के पुण्य के समान बताया गया है। अक्षय वट सनातन परंपरा में अक्षय पुण्य, दीर्घायु और स्थायित्व का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया यह वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को भी प्रकृति संरक्षण और संस्कारों की प्रेरणा देता रहेगा।
मातृ स्मृति को हमेशा जीवंत रखेगा वट वृक्ष
परिजनों ने बताया कि स्वर्गीय श्रीमती ऐश्वर्या शुक्ला धर्मपरायण एवं सेवा भावी महिला थीं। उनकी पुण्य स्मृति में लगाया गया यह वट वृक्ष उनके जीवन मूल्यों और स्मृतियों को लंबे समय तक जीवंत रखने का माध्यम बनेगा। परिवार ने पौधरोपण को केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी से जोड़कर देखा।
ग्रामीणों की रही सहभागिता
पौधरोपण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत टिमरलगा की सरपंच श्रीमती अनुपमा पटेल, अभियंता दिनेश नायक, क्रेशर संघ के प्रतिनिधि प्रखर यादव सहित स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने अक्षय वट की देखभाल और उसके संरक्षण में सहयोग का संकल्प लिया।
- बारिश के बीच बाढ़ का अलर्ट, 66 गेट खुले; प्रशासन पूरी तरह सतर्क… - September 26, 2026
- मां की स्मृति में रोपा अक्षय वट, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प… - September 26, 2026
- धनीराम यादव की शोक सभा में जुटे पदाधिकारी, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि… - September 26, 2026
