सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ की भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शासकीय लो. प्रसाद पांडे स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय भावना, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प को आकर्षक रंगोलियों में उकेरा।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाकर ‘रंगोली राष्ट्र गतिविधि’ आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। महाविद्यालय परिसर में सजी रंगोलियों ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया और विद्यार्थियों की कला व राष्ट्रभावना को सामने रखा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडे, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल, अरविंद हरिप्रिया सहित नागरिक एवं महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संगीता निषाद एवं समूह, द्वितीय स्थान गौरी एवं समूह तथा तृतीय स्थान पुष्पांजलि चंद्रा एवं समूह तथा यशोदा यादव (संयुक्त) ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में डीपीएस पैकरा, सुश्री प्रिया पाटले एवं श्रीमती हेमलता सिदार ने भूमिका निभाई।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एस. पटेल के निर्देशन में आयोजित हुआ। विकासखंड नोडल यू.आर. पटेल, सहायक नोडल मुकेश पटेल एवं महेश्वर दास वैष्णव के संचालन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


- बारिश के बीच बाढ़ का अलर्ट, 66 गेट खुले; प्रशासन पूरी तरह सतर्क… - September 26, 2026
- मां की स्मृति में रोपा अक्षय वट, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प… - September 26, 2026
- धनीराम यादव की शोक सभा में जुटे पदाधिकारी, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि… - September 26, 2026
