सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देश पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अभियान के तहत जिलेभर में आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के छठे सप्ताह 20 से 26 सितंबर के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए होने वाली ठगी, सरकारी अधिकारी बनकर किए जाने वाले फ्रॉड और निजी जानकारी को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के उपायों पर लोगों को जागरूक किया। जिले के विभिन्न थानों, पुलिस चौकियों, स्कूल-कॉलेजों और हाट-बाजारों में कुल 84 जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 5931 से अधिक लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अक्सर परिचित व्यक्ति की फोटो और नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से इमरजेंसी बताकर पैसे मांगते हैं। ऐसी स्थिति में बिना पुष्टि किए रकम भेजने के बजाय संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर बात कर वास्तविकता की पुष्टि करनी चाहिए।
इसी तरह ठग सरकारी अधिकारी या विभाग के नाम पर फर्जी पहचान बनाकर जुर्माने अथवा कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय संबंधित विभाग से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।
पुलिस ने नागरिकों को अपनी निजी जानकारी को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। घर का पता, मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, पहचान पत्र और अन्य संवेदनशील दस्तावेज सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की गई है। अनजान लिंक, संदिग्ध मैसेज और अज्ञात कॉल से भी सावधान रहने को कहा गया है।
यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो उसे तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाती है, रकम को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना उतनी ही बेहतर रहती है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान को गांवों से लेकर स्कूल-कॉलेज और बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, बहकावे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या साइबर हेल्प डेस्क को दें। पुलिस का संदेश है सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।


- छत्तीसगढ़ में गेहूं लोड ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 6 की दर्दनाक मौत, ट्रक के नीचे दबे मिले शव, 7 गंभीर घायल… - September 26, 2026
- छत्तीसगढ़ में नाबालिग के गर्भवती होने पर शुरू हुई जांच, हुआ ऐसा खुलासा कि पुलिस भी रह गई दंग… - September 26, 2026
- फर्जी दस्तावेज से 19 वर्षों तक छत्तीसगढ़ में नौकरी करता रहा बांग्लादेशी, STF ने छापेमारी में दबोचा… - September 26, 2026
