सारंगढ़।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धौराभाठा में जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक चचेरे भाई ने अपने ही भाई पर प्राणघातक हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव और सनसनी फैल गई। वहीं, वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है।

कीर्तन-भजन की किताब लेने घर आ रहा था मृतक-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच की है। मृतक चैवन लाल चौहान (निवासी धौराभाठा) गांव में ही लगे गणेश पंडाल में आयोजित कीर्तन-भजन में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले वे भजन की पुस्तक लेने के लिए वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे उनके चचेरे भाई सुबेलाल चौहान ने पीछे से उन पर अचानक हमला बोल दिया।
चेहरे व सिर पर किए ताबड़तोड़ वार-
मृतक के पुत्र अंचल कुमार चौहान के अनुसार, आरोपी ने पीछे से वार कर पहले उन्हें अचेत किया और उसके बाद सिर व चेहरे पर गंभीर वार किए। हमला इतना भीषण था कि अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते चैवन लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
लंबे समय से चल रहा था जमीनी विवाद-
परिजनों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। इससे पहले भी आरोपी और उसके परिवार द्वारा जानलेवा हमले किए जा चुके थे, जिसकी शिकायतें पूर्व में भी सामने आई थीं। बीती रात मौका पाकर आरोपी ने इस खूनी वारदात को अंजाम दे दिया।
बरमकेला मार्ग से आरोपी पकड़ाया-
वारदात की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने त्वरित नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की और सूत्रों के अनुसार, आरोपी सुबेलाल चौहान को बरमकेला मार्ग पर मानिकपुर के पास से हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
- सारंगढ़ में पशुपालन ने बदली गोपी सिदार की जिंदगी, 20 से बढ़कर 80 लीटर हुआ दूध उत्पादन… - September 19, 2026
- सारंगढ़ : गणेश पंडाल से भजन की किताब लेने घर लौट रहे चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या…जमीन के पुराने विवाद में भाई बना भाई का कातिल..पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा… - September 19, 2026
- मोदी के जन्मदिवस पर दरगाह में चादर पेश, अमन-चैन की मांगी दुआ… - September 19, 2026
