सारंगढ़। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए आम नागरिकों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पिंडरी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।
यह जागरूकता कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविंद दीवान के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार थाना क्षेत्र में आम लोगों को साइबर अपराध के प्रति सजग करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने ग्रामीणों को बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर, तो कभी केवाईसी अपडेट, इनाम, लोन, नौकरी, निवेश या अन्य आकर्षक ऑफर का झांसा देकर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल की जाती है। इसके बाद बैंक खाते से राशि निकाल ली जाती है।
उन्होंने ग्रामीणों को विशेष रूप से समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए।
थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए मैसेज, लिंक, वीडियो कॉल या संदिग्ध ऑफर पर तत्काल भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित बैंक अथवा पुलिस से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह घबराए नहीं और बिना देरी किए इसकी शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों को यह संदेश दिया कि साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। छोटी सी सावधानी बड़ी आर्थिक क्षति से बचा सकती है।





- सारंगढ़ में ‘सेवा संकल्प’ की नई पहल, हर बच्चे तक पहुंचेगी शिक्षा.. - September 18, 2026
- सारंगढ़ की संतोषी के लिए महतारी वंदन बनी उम्मीद की किरण… - September 18, 2026
- सारंगढ़ में हजारों दीयों से जगमगाया माई नाथलदाई मंदिर, सेवा संकल्प में दिखी श्रद्धा और जनभागीदारी की रोशनी… - September 18, 2026
