सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि “बड़े बदलाव की शुरुआत हमेशा छोटे-छोटे कदमों से होती है। निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी-बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हर बच्चे के भीतर अपनी अलग प्रतिभा और कुछ नया करने की क्षमता होती है। आवश्यकता केवल इस प्रतिभा को पहचानने, उसे उचित दिशा देने और आगे बढ़ने के लिए अवसर उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ खेलकूद, चित्रकला, साहित्य, रचनात्मक गतिविधियों तथा तकनीकी ज्ञान में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का समय केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रहने का नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों से मिलकर ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करने की अपील की, जहां आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे के सपनों और प्रतिभा के रास्ते में बाधा न बनें।

चित्रों में दिखी बच्चों के सपनों के भारत की कल्पना
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक चित्रकला में सहभागिता की। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक क्षमता का परिचय देते हुए अपने सपनों के भारत को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। किसी चित्र में विकसित और स्वच्छ भारत की कल्पना नजर आई तो किसी में शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकता जैसे विषयों को स्थान दिया गया।
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों को देखकर उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता को बढ़ावा देना भी रहा।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा एवं संस्कार ही आने वाले समय में राष्ट्र की दिशा तय करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संस्था की प्राचार्य श्रीमती विभावरी ठाकुर ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ अपनी छिपी प्रतिभाओं को भी सामने लाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल, संस्था की प्राचार्य श्रीमती विभावरी ठाकुर, पीएम श्री स्कूल बरमकेला एवं नोडल समग्र से नरेश चौहान, विद्यालय के शिक्षकगण, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए यह संदेश दिया गया कि किसी विद्यार्थी की शिक्षा, प्रतिभा और सपनों को आगे बढ़ाने के लिए उठाया गया छोटा-सा कदम भविष्य में बड़ी सफलता का आधार बन सकता है। उपस्थित शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने भी बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए जनभागीदारी के साथ सेवा संकल्प अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

- चाँटीपाली स्कूल में शिक्षकों की गैर-हाजिरी पर ग्रामीणों मे आक्रोश..BRC ने दिया मीडिया को कथित ‘राजनीतिक पहुंच’ की धौंस..फर्जी उपस्थिति और ‘अतिरिक्त शिक्षिका’ के भरोसे शाला- ग्रामीण - September 18, 2026
- प्राचार्य विभावरी ठाकुर की अनूठी पहल, ‘सेवा संकल्प’ को दी नई दिशा, बच्चों में जगाई राष्ट्र निर्माण की भावना… - September 18, 2026
- छोटे-छोटे कदमों से बड़ी सफलताएं मिलती हैं— संजय भूषण पाण्डेय…सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी में बच्चों के सपनों को मिला संबल… - September 18, 2026
