सारंगढ़। गणेश उत्सव को आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने वाला पर्व बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों से पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा स्थापित करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं गणेश उत्सव समितियों से पीओपी की प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी एवं प्राकृतिक सामग्री से निर्मित प्रतिमाओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने कहा कि गणेशोत्सव हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। पर्व की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण की सुरक्षा करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पीओपी से बनी प्रतिमाओं तथा रासायनिक रंगों के इस्तेमाल से विसर्जन के दौरान जल स्रोतों में प्रदूषण बढ़ने के साथ पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने जिलेवासियों से मिट्टी से निर्मित तथा प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों से सजी गणेश प्रतिमाओं को अपनाने की अपील की। साथ ही गणेश उत्सव के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और पूजा सामग्री व निर्माल्य को निर्धारित स्थान पर ही रखने का आग्रह किया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि “श्रद्धा के साथ प्रकृति की रक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है।” छोटी-छोटी पर्यावरण अनुकूल पहल जल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों और आम नागरिकों से स्वयं पर्यावरण अनुकूल प्रतिमा अपनाने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कलेक्टर ने विश्वास जताया कि जिलेवासी सामूहिक सहभागिता के साथ गणेशोत्सव को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाएंगे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

- हरिनाथ खूंटे ने मंत्री दयालदास बघेल से की सारंगढ़ के ताजा हालात और जनसमस्याओं के समाधान पर सीधी चर्चा…विरोधियों की बयानबाजी पर भारी पड़ी सक्रियता..सारंगढ़ के लंबित मामलों के निराकरण पर बनी सहमति… - September 12, 2026
- डॉ. जे. एन. शुक्ला के जन्मदिवस पर मनसा नर्सिंग होम ने दोहराया बेहतर स्वास्थ्य सेवा का संकल्प.. - September 12, 2026
- कन्या महाविद्यालय की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने किया निरीक्षण… - September 12, 2026
