सारंगढ़। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बरमकेला स्थित मंगल भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्यशाला में सहभागिता की। कार्यशाला के माध्यम से अभियान को जिले के गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इससे पहले सारंगढ़ आगमन पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक ने सर्किट हाउस में पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री दयाल दास बघेल का स्वागत किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले वर्षों में ऐतिहासिक प्रगति की है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं होगा, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
मंत्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के रूप में एक ऐसे कर्मयोगी नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है, जो निरंतर राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनसेवा के व्यापक अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य को चुनौती मानकर पूरी प्रतिबद्धता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है, तभी अभियान का वास्तविक उद्देश्य धरातल पर दिखाई देगा।
कार्यशाला में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। अभियान के दौरान दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वच्छता अभियान और व्यापक पौधरोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘आंगन उत्सव’ के माध्यम से आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा माताओं का सम्मान किया जाएगा। जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक आयोजन, नुक्कड़ नाटक, सेवा ज्योति यात्रा और बाइक रैली जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के तहत विशेष शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी काम किया जाएगा। शिविरों के माध्यम से ऐसे पात्र लोगों की पहचान की जाएगी, जो सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से अभी तक वंचित हैं। कार्यकर्ताओं को योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को संबंधित विभागों से जोड़ने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संगठन के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं और प्रत्येक गतिविधि को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। वक्ताओं ने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ जरूरतमंदों की वास्तविक समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाना चाहिए।
कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक, पूर्व विधायक केरबाई मनहर, शिवकुमारी चौहान, जगन्नाथ बानी, अजय जवाहर नायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान आगामी एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।


- लोक कलाकारों ने संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे के कार्यों को सराहा… - September 10, 2026
- सरसीवां पुलिस का साइबर वार: गांव-गांव पहुंचकर ठगी के जाल से बचने का दिया मंत्र… - September 10, 2026
- सारंगढ़:कर्मचारी हितों की आवाज लेकर मंत्री बघेल के दरबार पहुंचा फेडरेशन, मांगों और समस्याओं पर हुई सकारात्मक चर्चा… - September 10, 2026
