सारंगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री दयालदास बघेल का 8 सितंबर को अल्प प्रवास पर सारंगढ़ आगमन हुआ। इस दौरान पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर के निवास पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला सारंगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्री बघेल से सौजन्य मुलाकात कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ ही सारंगढ़ की पावन धरती की परंपरा के अनुरूप मंत्री श्री बघेल को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान जिले के कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को मंत्री श्री बघेल के समक्ष रखा तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल किए जाने का आग्रह किया। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कहा कि शासकीय सेवकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान से कर्मचारियों में सकारात्मक वातावरण बनेगा तथा वे शासन की योजनाओं एवं जनहित के कार्यों को और बेहतर तरीके से संपादित कर सकेंगे।
मंत्री श्री दयालदास बघेल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता एवं सकारात्मकता के साथ सुना और कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर आवश्यक पहल किए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं और संगठन से संबंधित विषयों को भी मंत्री के समक्ष रखा।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं फेडरेशन के प्रतिनिधि लैलून कुमार भारद्वाज ने संगठन का परिचय देते हुए फेडरेशन की गतिविधियों, कर्मचारी हित में किए जा रहे प्रयासों तथा संगठन की विभिन्न मांगों की जानकारी मंत्री श्री बघेल को दी। उन्होंने कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही।
इस अवसर पर फेडरेशन के जिला संयोजक फकीरा यादव, जिला सह संयोजक विमल अजगल्ले, ब्लॉक सहसंयोजक भूपेंद्र मनहर सहित अन्य कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्री दयालदास बघेल के सारंगढ़ आगमन पर उनका आभार व्यक्त करते हुए कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा और आश्वासन के लिए धन्यवाद दिया।


- लोक कलाकारों ने संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे के कार्यों को सराहा… - September 10, 2026
- सरसीवां पुलिस का साइबर वार: गांव-गांव पहुंचकर ठगी के जाल से बचने का दिया मंत्र… - September 10, 2026
- सारंगढ़:कर्मचारी हितों की आवाज लेकर मंत्री बघेल के दरबार पहुंचा फेडरेशन, मांगों और समस्याओं पर हुई सकारात्मक चर्चा… - September 10, 2026
