सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए और निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने योजना के तहत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं निर्माणाधीन कार्यों की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने शौचालय निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण, रिचार्ज पिट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित अन्य विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, पूर्णता की प्रगति और कार्यों की गति की जानकारी ली। धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने एपीओ शशिकांत गुप्ता को निर्देशित किया कि मैदानी स्तर पर श्रमिकों की पर्याप्त संख्या सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि केवल कागजी प्रगति के बजाय मौके पर जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया जाए, ताकि गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण पूरा हो सके।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों के विरुद्ध पूर्ण, अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की जानकारी लेते हुए लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों को समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं मैदानी सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की स्थिति जानी। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे हितग्राहियों की जानकारी ली, जिनके आवास स्वीकृत होने के साथ राशि भी जारी हो चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। ऐसे हितग्राहियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब से हितग्राहियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनपद स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित जिले के सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


- लोक कलाकारों ने संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे के कार्यों को सराहा… - September 10, 2026
- सरसीवां पुलिस का साइबर वार: गांव-गांव पहुंचकर ठगी के जाल से बचने का दिया मंत्र… - September 10, 2026
- सारंगढ़:कर्मचारी हितों की आवाज लेकर मंत्री बघेल के दरबार पहुंचा फेडरेशन, मांगों और समस्याओं पर हुई सकारात्मक चर्चा… - September 10, 2026
