सारंगढ़। प्रदेश के वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी ने बुधवार को 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टरों एवं जिला नोडल अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वित्तमंत्री ने कहा कि अभियान को केवल शासकीय गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जनसेवा का व्यापक अभियान बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।
वर्चुअल बैठक के दौरान वित्तमंत्री श्री चौधरी ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अभियान को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अभियान के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि अभियान की सभी गतिविधियां निर्धारित समय-सीमा में बेहतर समन्वय के साथ संचालित की जा सकें।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। ग्राम एवं वार्ड स्तर से लेकर विकासखंड और जिला स्तर तक आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जा रही है तथा विभागवार अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं। इससे अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
वित्तमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान में शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर अभियान को जनसेवा और जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। उन्होंने इसे विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए अधिकारियों से पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
वर्चुअल बैठक के बाद कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के अधिकारियों को माइक्रो प्लान के अनुरूप आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और शासन के निर्देशों के अनुरूप अधिक से अधिक नागरिकों को इसमें सहभागी बनाया जाए।
वर्चुअल बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती वर्षा बंसल सहित शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जनसंपर्क तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


- लोक कलाकारों ने संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे के कार्यों को सराहा… - September 10, 2026
- सरसीवां पुलिस का साइबर वार: गांव-गांव पहुंचकर ठगी के जाल से बचने का दिया मंत्र… - September 10, 2026
- सारंगढ़:कर्मचारी हितों की आवाज लेकर मंत्री बघेल के दरबार पहुंचा फेडरेशन, मांगों और समस्याओं पर हुई सकारात्मक चर्चा… - September 10, 2026
