सारंगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल के सारंगढ़ आगमन के दौरान रेस्ट हाउस परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मंत्री से मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एक सुरक्षा कर्मी द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल बरमकेला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा से संकल्प’ के 25 वर्ष की जिला स्तरीय बैठक में शामिल होने आए थे। सारंगढ़ रेस्ट हाउस में मंत्री से मिलने पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ सुरक्षा कर्मी के विवाद से नाराजगी फैल गई। घटना से आक्रोशित होकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री हरिनाथ खूंटे अपने समर्थकों के साथ रेस्ट हाउस के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।

मामले को बढ़ता देख भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की। संबंधित सुरक्षाकर्मी द्वारा माफी मांगे जाने के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश शांत हुआ और धरना समाप्त कर दिया गया।
इस घटना ने सुरक्षा प्रबंधों और जनप्रतिनिधियों-कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मामले में अभी तक किसी औपचारिक शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है।


- सरसीवा के मुड़पार में घर से मिला 81 लाख रुपये का जखीरा.. - September 8, 2026
- मोदी के 25 साल के सेवा सफर को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प… - September 8, 2026
- सारंगढ़ नगरपालिका की जिम्मेदारी विधायक चातुरी नंद के कंधे पर.. - September 8, 2026
