सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों आपसी खींचतान और वर्चस्व की जंग चरम पर पहुँच चुकी है। नगर पंचायत बिलाईगढ़ से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने समूचे शासन-प्रशासन के अनुशासन और मर्यादा को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहाँ के नवपदस्थ मुख्य नगरपालिका अधिकारी के निजी निवास में तहसीलदार और उनके सहयोगियों द्वारा जबरन घुसकर कथित तौर पर अमर्यादित आचरण व तीखा दुर्व्यवहार करने का मामला गर्मा गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत बिलाईगढ़ में नए सीएमओ के पदभार ग्रहण करते ही विभागीय तालमेल पूरी तरह गड़बड़ा गया। सूत्रों का दावा है कि तहसीलदार अपने सहयोगियों के साथ अचानक सीएमओ के निवास पर जा पहुँचे। वहाँ बातचीत के दौरान अचानक तीखी बहस शुरू हो गई और बात इतनी बढ़ गई कि तहसीलदार व उनके साथियों पर घर के भीतर घुसकर अमर्यादित व्यवहार करने का गंभीर आरोप लग गया।
एक ही क्षेत्र के दो शीर्ष प्रशासनिक अफसरों के बीच इस स्तर की तनातनी और आमने-सामने की भिड़ंत से पूरे जिले के कर्मचारी व अधिकारी स्तब्ध हैं। स्थानीय जनचर्चाओं की मानें तो अफसरों की इस व्यक्तिगत और विभागीय जंग का सीधा असर क्षेत्र की व्यवस्थाओं और आम जनता के विकास कार्यों पर पड़ना तय है।

क्या होगी सख्त प्रशासनिक जांच?
घटना सामने आने के बाद से ही नगर पंचायत कर्मियों और प्रशासनिक हलकों में जबरदस्त उबाल देखा जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या जिला प्रशासन इस गंभीर घटनाक्रम का निष्पक्ष संज्ञान लेकर संबंधितों के खिलाफ वैधानिक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करेगा, या फिर अफसरशाही का यह विवाद इसी तरह गरमाता रहेगा?
- सरसीवा के मुड़पार में घर से मिला 81 लाख रुपये का जखीरा.. - September 8, 2026
- मोदी के 25 साल के सेवा सफर को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प… - September 8, 2026
- सारंगढ़ नगरपालिका की जिम्मेदारी विधायक चातुरी नंद के कंधे पर.. - September 8, 2026
