सारंगढ़। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में रायपुर स्थित राजभवन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी को शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2026 के श्री गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति अलंकरण से सम्मानित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के हाथों उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सारंगढ़ विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी इससे पूर्व भी राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित हो चुकी हैं। साहित्य के क्षेत्र में दिए जाने वाले चार सर्वश्रेष्ठ पुरस्कारों में शामिल श्री गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति अलंकरण के लिए उनका चयन शिक्षा के क्षेत्र में उनके विशेष एवं नवाचारी योगदान को देखते हुए किया गया है।
प्रियंका गोस्वामी नवाचारी शिक्षिका के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। वे कक्षा के अंतिम बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहती हैं। साहित्य को शिक्षा से जोड़कर अनुभव आधारित शिक्षण पर कार्य कर रही हैं। बच्चों के पोषण को भी शिक्षण गतिविधियों से जोड़ते हुए अधिक से अधिक न्योता भोजन कराने के लिए प्रेरित करती हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में जिले की प्राथमिक शिक्षा में कार्यात्मक परिवर्तन विषय पर उन्होंने शोध पत्र भी लिखा है।
शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी कैरियर काउंसिलिंग एवं समय प्रबंधन जैसे समसामयिक विषयों पर लगातार प्रशिक्षण देती रही हैं। दिव्यांग बच्चों के लिए समय-समय पर निःशुल्क भोजन सामग्री की व्यवस्था करने के साथ ही पल्स पोलियो अभियान में भी सक्रिय सहभागिता निभाती रही हैं। उन्होंने कठपुतली कला को शिक्षा से जोड़कर बच्चों के लिए रोचक शिक्षण का नवाचार किया है। दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों के लिए निःशुल्क अध्यापन हेतु समर कैंप आयोजित कर शिक्षा की अलख जगाने का कार्य भी किया है।
आईसीटी के क्षेत्र में कार्य करते हुए वे बच्चों को दीक्षा एप एवं स्टोरी वीवर के माध्यम से पढ़ाती हैं। गीत, कविता और नाटक के जरिए प्रेरक शिक्षण के साथ ऑडियो बुक, पॉडकास्ट, ब्लॉगिंग, रिपोर्टर गतिविधि, रोजगारमूलक शिक्षा एवं स्मार्ट क्लास का संचालन भी उनकी शिक्षण पद्धति का हिस्सा है। बच्चों के हित में उन्होंने ‘प्रारंभिक बाल्य अवस्था, देखभाल और शिक्षा’ नामक पुस्तक भी लिखी है।
प्रियंका गोस्वामी का यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय है। उनके नवाचार, तकनीक के उपयोग, साहित्य से जुड़ाव और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं।


- सारंगढ़ मे खाद्य निरीक्षक द्वारा₹15 हजार की कथित वसूली से मचा हड़कंप!खाद्य निरीक्षक विद्यानंद पटेल पर महिला राशन दुकान विक्रेता ने लगाए गंभीर आरोप….कलेक्टर औऱ मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग… - September 5, 2026
- सारंगढ़ की शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी को राजभवन में मिला मुक्तिबोध सम्मान, शिक्षा के नवाचारों की बनी मिसाल… - September 5, 2026
- बनिया पारा में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, श्रद्धा से संपन्न हुई बाँस पूजा… - September 5, 2026
