सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 सितंबर 2026। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान का बड़ा असर सामने आया है। सारंगढ़ पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ओडिशा राज्य से लगे सीमा क्षेत्रों में लगातार 48 घंटे तक सघन चेकिंग और सर्च अभियान चलाकर गांजा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
दिनांक 2 सितंबर से 4 सितंबर 2026 तक थाना सरिया, बरमकेला एवं डोगरीपाली पुलिस के साथ एमसीपी (MCP) लगाकर चलाए गए संयुक्त अभियान में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा, तस्करी में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन सहित कुल ₹1,14,50,500 की संपत्ति जब्त करने में सफलता मिली है।
बिरनीपाली बैरियर पर 15 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
अभियान के तहत 2 सितंबर को डोगरीपाली थाना क्षेत्र के ग्राम बिरनीपाली बैरियर के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से 15.03 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7.50 लाख बताई गई है, बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश निषाद पिता चेतराम निषाद, निवासी फिरोजपुर, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश; अमित पाठक पिता देवदत्त पाठक, उम्र 37 वर्ष, निवासी नौहझील, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश तथा किशन सिंह पिता फूल सिंह, निवासी शेरगढ़, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
कंचनपुर बैरियर पर 4.150 किलो गांजा, कार और मोबाइल जब्त
3 सितंबर को ग्राम कंचनपुर बैरियर में संयुक्त टीम ने एक अन्य कार्रवाई में पांच आरोपियों को गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 4.150 किलोग्राम गांजा, मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक CG 13 BK 4475 तथा पांच स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब ₹13.35 लाख आंकी गई है।
54 किलो से ज्यादा गांजा पकड़कर तस्करी की बड़ी खेप पर प्रहार
इसी दिन कंचनपुर बैरियर के पास पुलिस ने एक अन्य बड़ी कार्रवाई करते हुए 54.325 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत ₹27.12 लाख है। तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी कार क्रमांक CG 10 EP 2600, जिसकी कीमत करीब ₹5 लाख है, को भी जब्त किया गया। इस प्रकरण में कुल ₹32.12 लाख की जब्ती हुई।
मामले में वीरेंद्र कुमार चौरसिया, निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश तथा राहुल कुमार खटीक, निवासी झांसी, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
संदिग्ध कारों से खुला तस्करी का राज, रायगढ़ पुलिस ने भी दबोची गांजा खेप
अभियान के दौरान कंचनपुर बैरियर में एक अन्य महत्वपूर्ण सफलता मिली। सघन चेकिंग के दौरान हुंडई औरा कार क्रमांक UP 70 RT 1067 पुलिस को देखकर संदिग्ध रूप से रुककर पीछे मुड़ने का प्रयास करने लगी। पुलिस बल ने तत्परता से वाहन को रोककर पूछताछ की। कार सवारों के जवाब और व्यवहार में घबराहट देखकर पुलिस को संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिस की एक टीम उनके आने की दिशा में रवाना हुई, जहां कुछ दूरी पर हुंडई औरा कार क्रमांक UP 70 RT 3451 सुनसान स्थान पर खड़ी मिली। उसमें सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ की गई। दोनों वाहनों को बैरियर तक लाकर कुल छह लोगों से गहन पूछताछ की गई।
लंबी पूछताछ में संदेहियों ने बताया कि उनके पीछे काले रंग की टाटा सफारी आ रही थी, जिसमें गांजा तस्करी किया जा रहा था और दोनों हुंडई औरा वाहन उसकी पायलटिंग कर रहे थे। पुलिस की चेकिंग देखकर उन्होंने टाटा सफारी को अलर्ट किया, जिसके बाद वह वापस लौट गई।
संदेहियों से मिली जानकारी तत्काल रायगढ़ पुलिस को साझा की गई। सूचना पर रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लैलूंगा थाना क्षेत्र में टाटा सफारी और उसके साथ चल रही स्कूटी को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में रायगढ़ पुलिस ने कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 34.865 किलोग्राम गांजा, दो हुंडई औरा कार, एक टाटा सफारी और एक स्कूटी सहित कुल ₹61,53,200 की संपत्ति जब्त की।
48 घंटे की कार्रवाई में तस्करों पर बड़ा प्रहार
सारंगढ़ पुलिस और रायगढ़ पुलिस की समन्वित कार्रवाई से ओडिशा सीमा से गांजा तस्करी कर उत्तर प्रदेश तक पहुंचाने वाले नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। लगातार 48 घंटे तक चले इस सघन अभियान में गांजा तस्करी के कई मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार तीनों प्रमुख प्रकरणों में आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। सभी मामलों में एंड-टू-एंड कार्रवाई जारी है।
एसपी सुनील शर्मा की रणनीति से सीमा क्षेत्र में बढ़ी निगरानी
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में एएनटीएफ और थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से की गई। ओडिशा सीमा से लगे संवेदनशील मार्गों पर एमसीपी लगाकर लगातार वाहनों की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और जिलों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान ने पुलिस की कार्रवाई को प्रभावी बनाया।
एसपी सुनील शर्मा की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस टीम की लगातार सक्रियता का परिणाम है कि महज 48 घंटे में सारंगढ़ और रायगढ़ पुलिस ने मिलकर गांजा तस्करी से जुड़ी कुल करीब ₹1.14 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।


- एसपी सुनील शर्मा के सख्त एक्शन का बड़ा असर, 48 घंटे में गांजा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा 1.14 करोड़ से ज्यादा का माल जब्त… - September 4, 2026
- ग्राम पंचायत कनकबीरा में जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से संपन्न..जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत.. - September 4, 2026
- छत्तीसगढ़:21 सितंबर से कक्षा 1 से 12वीं की तिमाही परीक्षाएं, यहां देखें पूरा शेड्यूल… - September 4, 2026
