सारंगढ़। अशोका पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, भक्ति और उमंग के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक राजेश अग्रवाल, सीईओ संजय भूषण पांडे, संचालक पुरुषोत्तम अग्रवाल, श्रीमती मधुदेवी अग्रवाल, प्राचार्य जे. मिश्रा एवं उपप्राचार्या श्रीमती प्रीति अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जन्माष्टमी समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के साथ यशोदा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण किया। आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चों ने सुंदर नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झांकियों एवं विभिन्न कृष्ण लीलाओं के सजीव चित्रण ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। इसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। मटकी फोड़ते समय विद्यालय परिसर में मौजूद बच्चों और अभिभावकों ने जोरदार उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
समारोह के दौरान बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का खूब मनोरंजन किया। अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं धार्मिक पर्वों के महत्व से परिचित कराने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी बच्चों, अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात महाआरती के साथ जन्माष्टमी समारोह का विधिवत समापन हुआ।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “राधे-राधे” के जयकारों से गूंजता रहा। जन्माष्टमी का यह आयोजन बच्चों की मासूमियत, भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के कारण सभी के लिए यादगार बन गया।
- सारंगढ़:राधा-कृष्ण बने नन्हे-मुन्ने, न्योता भोज में छलका उत्सव का रंग… - September 3, 2026
- नशे के सौदागरों पर एसपी सुनील शर्मा का शिकंजा, थाना प्रभारी शिव कुमार धारी की टीम ने NDPS मामले में एक और आरोपी दबोचा… - September 3, 2026
- किसानों को बड़ी सौगात: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खुलेंगे 8 नए धान उपार्जन केंद्र… - September 3, 2026
