सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गठन के चार वर्ष पूर्ण होकर पांचवें वर्ष में प्रवेश के गौरवपूर्ण अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने समस्त जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि जिला गठन दिवस केवल बीते चार वर्षों की उपलब्धियों को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में विकास की नई दिशा और नई गति तय करने का संकल्प लेने का भी दिन है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि माँ काली एवं माँ समलेश्वरी की पावन धरती सारंगढ़-बिलाईगढ़ अपनी समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं, धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और मेहनतकश जनता के कारण अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। जिले के गठन के बाद बीते चार वर्षों में विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण प्रयास हुए हैं और सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने अपनी अलग पहचान स्थापित करने की दिशा में निरंतर कदम बढ़ाए हैं।
उन्होंने कहा कि अब जिला पांचवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, ऐसे में विकास की गति को और तेज करने की आवश्यकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, सड़क, सिंचाई तथा बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जाने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

जिलेवासियों की एकजुटता और सहभागिता सबसे बड़ी ताकत
संजय भूषण पांडेय ने कहा कि किसी भी जिले की तरक्की केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं होती। इसमें आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता, मेहनत, सहयोग और एकजुटता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि जिला गठन दिवस के अवसर पर सभी मिलकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि जिले की युवा शक्ति, किसान, मजदूर, महिलाएं, व्यापारी, कर्मचारी और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से सारंगढ़-बिलाईगढ़ आने वाले समय में विकास के नए मुकाम हासिल कर सकता है।
देवी-देवताओं से जिले की खुशहाली की कामना
जिला पंचायत अध्यक्ष ने नाथलदाई एवं माँ चंद्रहासिनी से प्रार्थना करते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। सारंगढ़-बिलाईगढ़ निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़े तथा जिले की जनता को बेहतर अवसर, सुविधाएं और रोजगार के साधन उपलब्ध हों।
अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने जिले के गठन के चार वर्ष पूर्ण होकर पांचवें वर्ष में प्रवेश करने के अवसर पर समस्त सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलेवासियों को जिला गठन दिवस की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
- चार साल का गौरव, पांचवें वर्ष में विकास की नई उड़ान: जिला गठन दिवस पर संजय भूषण पांडेय ने दी जिलेवासियों को शुभकामनाएँ… - September 3, 2026
- शाम की चाय के साथ बनाएं ये 4 तरह के फ्राइज, आसान रेसिपी से मिनटों में होंगे तैयार… - September 3, 2026
- ICC ने किया बड़ा ऐलान, भारत को मिली महिला क्रिकेट इतिहास की पहली Champions Trophy की मेजबानी… - September 3, 2026
