सारंगढ़। शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी का चयन गजानन माधव मुक्तिबोध राज्य स्मृति शिक्षक सम्मान-2026 के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से सारंगढ़ क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शिक्षा, साहित्य और नवाचार के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रियंका ने न केवल अपनी पहचान बनाई है, बल्कि क्षेत्र का गौरव भी बढ़ाया है।
प्रियंका गोस्वामी की यह उपलब्धि उनके रचनात्मक प्रयासों, शिक्षा के प्रति समर्पण तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए किए जा रहे निरंतर कार्यों का परिणाम है। इससे पूर्व भी उन्हें राज्य शिक्षक सम्मान एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

नवाचार से बच्चों में जगा रचनात्मकता का भाव
नवाचारी शिक्षक के रूप में प्रियंका गोस्वामी ने विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं रचनात्मक क्षमता विकसित करने के लिए अनेक अभिनव पहल की हैं। उनका प्रयास रहता है कि बच्चों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप सीखने के विविध अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों के बीच समय बिताकर उन्हें सीखने के अवसर उपलब्ध कराना उनके शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। विद्यालय में समयबद्धता एवं अनुशासन को विशेष महत्व देते हुए वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
खेल, साहित्य से लेकर डिजिटल शिक्षा तक जोड़ रहीं विद्यार्थी
प्रियंका गोस्वामी विद्यार्थियों को खेल, साहित्य, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों, रचनात्मक लेखन, प्रतियोगी परीक्षाओं, डिजिटल शिक्षा सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनका मानना है कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता केवल उस प्रतिभा को पहचानने और उसे उचित अवसर प्रदान करने की है।
इसी सोच के साथ वे शिक्षा को अधिक रचनात्मक, व्यावहारिक और जीवनोपयोगी बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। उनके कार्यों का सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सीखने की क्षमता और रचनात्मक सोच में देखने को मिल रहा है।
सम्मान के चयन पर क्षेत्र में खुशी
गजानन माधव मुक्तिबोध राज्य स्मृति शिक्षक सम्मान-2026 के लिए प्रियंका गोस्वामी के चयन पर डीईओ जेआर डहरिया, बीईओ सोमा सिंह ठाकुर, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, साहित्यकारों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उनके इस चयन को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रियंका गोस्वामी ने सम्मान के लिए चयन पर सभी शुभचिंतकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
- संकरी सड़क पर बस अनियंत्रित, चार यात्री बाल-बाल बचे; अभ्यारण्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल… - September 1, 2026
- ‘मन की बात’ से बूथ तक गूंजा विकसित भारत का संदेश, नशामुक्त युवा और वोकल फॉर लोकल पर जोर… - September 1, 2026
- शिक्षा-साहित्य में चमका सारंगढ़ का नाम, प्रियंका गोस्वामी को मिलेगा मुक्तिबोध राज्य स्मृति सम्मान… - September 1, 2026
