सारंगढ़। अग्र शिरोमणि छत्रपति महाराजा अग्रसेन जी की पावन जयंती के अवसर पर सारंगढ़ नगर में अग्र समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों, डीजे की धुन और महाराजा अग्रसेन जी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। शोभायात्रा में लगभग 500 अग्र बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का संदेश दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ अग्रसेन भवन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हुआ। सबसे आगे डीजे के साथ 18 चक्का वाहन पर सजी शिव तांडव की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इसके पीछे महाराजा अग्रसेन जी की जीवंत एवं मनमोहक झांकी सजाई गई थी। डीजे की धुन पर अग्र बंधु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, वहीं युवाओं की शानदार नृत्य प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा अग्रसेन भवन से निकलकर सिनेमा हॉल चौक, सदर बाजार, जय स्तंभ चौक, नंदा चौक और आजाद चौक होते हुए पुनः अग्रसेन चौक पहुंची। पूरे मार्ग में समाजजनों और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल, चाय, बिस्कुट और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी।
नंदा चौक पर वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद एवं भाजपा जिला महामंत्री अमित तिवारी ने अग्र बंधुओं का साल भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने काजू, किशमिश और बादाम सहित अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था के साथ शोभायात्रा में शामिल अग्र बंधुओं का स्वागत किया। इस दौरान जगह-जगह हुए स्वागत से शोभायात्रा की भव्यता और बढ़ गई।
कार्यक्रम में अग्रसेन सेवा संघ के अध्यक्ष दिनेश धनिया अपनी टीम के साथ, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल एवं पदाधिकारी, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की अध्यक्ष मधु केजरीवाल अपनी टीम के साथ, अग्रवाल महिला सभा की अध्यक्ष शोभा सुल्तानिया एवं पदाधिकारी तथा मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। समाज के सैकड़ों लोगों की सहभागिता ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया।
शोभायात्रा का समापन अग्रसेन चौक पर महाराजा अग्रसेन जी की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान महाराजा अग्रसेन जी के जयकारों से नगर गूंजता रहा। भव्य आयोजन ने समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सांस्कृतिक विरासत के प्रति आस्था को प्रदर्शित किया।

- सेवा संकल्प अभियान: कोसीर में स्वच्छता और हरियाली का संदेश… - October 12, 2026
- मरीजों की परेशानी पर संजय भूषण पांडेय गंभीर, जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए उठाई आवाज… - October 12, 2026
- जयकारों से गूंजा सारंगढ़, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा अग्र समाज… - October 12, 2026
