बिलाईगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में आदर्श सुपोषण गृह का शुभारंभ किया गया। यह पहल कुपोषित बच्चों एवं माताओं को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सुपोषण और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे ने कहा कि आदर्श सुपोषण गृह कुपोषित बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य सुधार तथा उनके समुचित पोषण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से जरूरतमंदों को बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चा ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की मजबूत नींव है। क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक पौष्टिक आहार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और समाज के सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने भी कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और सुपोषण को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


- थाना प्रभारी शिवकुमार धारी की पहल से साइबर ठगी पर जागरूकता का प्रहार, बैंक से बाजार तक चला अभियान… - August 24, 2026
- सावन के अंतिम सोमवार को जैतपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा महानदी तट… - August 24, 2026
- अस्पताल पहुंचीं कलेक्टर, मरीजों से सीधे जानी सुविधाओं की हकीकत… - August 24, 2026
