बिलाईगढ़। ब्लॉक मुख्यालय बिलाईगढ़ के समीप ग्राम पंचायत छपोरा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में 20 अगस्त 2026 को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति का पुनर्गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से गणेश राम निराला को अध्यक्ष तथा दिगम्बर हिरवानी को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं प्राथमिक शाला छपोरा के प्रधान पाठक यादराम हिरवानी को संयुक्त शाला का प्रभार सौंपा गया।
बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति ने निर्णय लिया कि छपोरा स्कूल से बिना रिलीव हुए व्यवस्था के तहत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गोंदली भेजे गए शिक्षक भागवत प्रसाद देवांगन को तत्काल उनके मूल शाला में वापस लाया जाए। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि शिक्षक को वापस नहीं लाया गया तो सदस्य जिला कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ से मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।

जर्जर भवन की मरम्मत का मुद्दा भी गरमाया
बैठक में स्कूल भवन की खराब होती स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई। समिति सदस्यों ने कहा कि जर्जर होते जा रहे शाला भवन की जल्द मरम्मत जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इस संबंध में समिति ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर भवन की मरम्मत के लिए आवश्यक पहल करने की मांग रखने का निर्णय लिया।
बैठक में ब्यास नारायण निराला, बृजदास मानिकपुरी, नरहरी दास मानिकपुरी, पुरुषोत्तम हिरवानी, दिगम्बर हिरवानी, गणेश निराला, मनीष हिरवानी, किशन हिरवानी, नरेंद्र हिरवानी, भानु प्रताप केवट, संतोष कुमार यादव, मेहतर केवट, रिंकू सिंह हिरवानी, नंद कुमार पटेल, रमा देवी महिलांगे, श्रीमती विंदेश्वरी कौशिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के पुनर्गठन के साथ ही विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था और भवन की मरम्मत जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाए जाने से ग्रामीणों में भी स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।
- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
