सारंगढ़। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के सम्मान और उनके प्रति स्नेह प्रकट करने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र—एक राखी सैनिक भाइयों के नाम’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सारंगढ़ जिले के स्काउट-गाइड ने सैनिक भाइयों के लिए 2808 राखियां एकत्रित कर भेजीं।
कलेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त स्काउट जे.आर. डहरिया और जिला आयुक्त गाइड श्रीमती सोमा सिंह ठाकुर के दिशा-निर्देशन में जिले के स्काउटर-गाइडर ने अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। जिले के विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड ने अपने हाथों से राखियां तैयार कर उनमें देश के जवानों के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार की भावना पिरोई।
अभियान को सफल बनाने में जिले के सभी स्काउटर, गाइडर, प्राचार्यों एवं विद्यालय परिवारों का विशेष सहयोग रहा। 2808 राखियों का संग्रह जिले के स्काउट-गाइड की देशभक्ति, सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बना।
इस अभियान के माध्यम से स्काउट-गाइड ने संदेश दिया कि देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात समर्पित सैनिक भले ही अपने परिवार से दूर हों, लेकिन पूरा देश उनके साथ खड़ा है। ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ के जरिए सारंगढ़ जिले के स्काउट-गाइड ने सैनिक भाइयों के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए रक्षा बंधन के पवित्र पर्व को देशभक्ति और सेवा भावना से जोड़ने का अनूठा प्रयास किया।

- फ्लाई ऐश डंपिंग पर विधायक उत्तरी जांगड़े सख्त, कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग… - September 25, 2026
- कनकबीरा में पुलिस का नया पहरा, नई चौकी से अपराध पर लगेगी लगाम… - September 25, 2026
- दो बेटियों की पढ़ाई को मिला संबल, नौनिहाल छात्रवृत्ति से खिली लक्ष्मीनारायण के परिवार की उम्मीद… - September 25, 2026
