झांसी में उधमपुर दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस के दो वातानुकूलित कोचों में शुक्रवार की दोपहर आग लग गई। आग को देख यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को हेतमपुर स्टेशन पर रोक लिया।

घबराए कुछ यात्री अपना सामान लेकर कोच से कूद गए तो कुछ दूसरे कोचों में चले गए।
कर्मचारियों ने फायर उपकरणों से आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। मुरैना व धौलपुर से पहुंची दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। दोनों कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे। बाद में आग से जले दोनों कोचों समेत चार कोच अलग कर दिए गए। घटना के कारण ट्रेन ढाई घंटे तक मौके पर खड़ी रही। इस घटना के कारण पीछे आ रहीं छह से अधिक ट्रेनें भी लेट हो गईं।
यात्रियों में मच गई भगदड़
शुक्रवार की दोपहर तीन बजे ट्रेन नंबर-20848 उधमपुर दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस आगरा से ग्वालियर स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी। ट्रेन जब हेतमपुर स्टेशन के पहले दौड़ रही थी, तभी पीछे से चौथे नंबर पर लगे ए टू कोच के यात्रियों ने धुआं निकलता देखा। इससे वह घबरा गए। यात्रियों ने चेन पुलिंग की तो ट्रेन 3.19 बजे हेतमपुर स्टेशन पर खड़ी हो गई। आग की खबर फैलते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ए टू कोच व उसके बगल में लगे ए वन कोच के यात्रियों में बाहर निकलने को लेकर आपाधापी मच गई। कुछ यात्री अपना सामान लेकर कोच से कूद गए तो कुछ अंदर ही अंदर आगे के कोचों में चले गए। टीटीई व अन्य स्टाफ ने फायर उपकरणों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
आग बुझने तक दोनों कोच बुरी तरह जले
ट्रेन के बाकी कोचों के यात्री भी नीचे उतर आए और आग बुझाने के लिए शोरगुल करने लगे। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। आग फैलते-फैलते ए वन कोच तक पहुंच गई। सूचना पर धौलपुर व मुरैना से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आरपीएफ, जीआरपी व सिविल पुलिस मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझने तक दोनों कोच बुरी तरह जल चुके थे।
कई ट्रेनें हुईं लेट
बाद में उक्त जले समेत पीछे लगे एचए वन कोच व पावर जेनरेटर कार कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। उक्त कोचों के यात्रियों को दूसरे डिब्बों में समायोजित किया गया। ट्रेन गंतव्य के लिए शाम 5.54 बजे रवाना कर दी गई। वहीं, घटना के कारण उधमपुर दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस के पीछे दौड़ रहीं सचखंड एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ा रखा गया। यातायात सामान्य होने पर यह ट्रेनें आगे बढ़ सकीं। इन ट्रेनों में सवार यात्री बेहद परेशान रहे।
घटनास्थल पर पहुंचे डीआरएम
घटना का पता लगते ही डीआरएम आशुतोष स्पेशल ट्रेन से रवाना होकर घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने क्षतिग्रस्त कोचों का अवलोकन किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों, आरपीएफ व जीआरपी से बात की। डीआरएम ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं।
- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
