सारंगढ़। जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में बिहान कैंटीन का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। शुभारंभ के दौरान कलेक्टर ने स्वयं गैस चूल्हा जलाकर बिहान दीदियों के साथ पारंपरिक व्यंजनों की शुरुआत कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित अन्य अतिथियों ने कैंटीन से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन ठेठरी, खुर्मी और अइरसा का ऑर्डर दिया तथा डिजिटल माध्यम से भुगतान कर महिलाओं को डिजिटल लेन-देन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
यह कैंटीन राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत जय माँ शारदा स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य कलेक्ट्रेट आने वाले नागरिकों और कर्मचारियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण चाय-नाश्ता उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिलाओं को स्थायी स्वरोजगार प्रदान करना और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देना है।
बिहान कैंटीन में ठेठरी, खुर्मी, अइरसा, फरा, बड़ा, भजिया, मुंगौड़ी, कटलेट, अंकुरित चना, आलू पराठा, पनीर पराठा, चीला, भेल, चाय, कॉफी सहित अनेक स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी व्यंजन उपलब्ध रहेंगे। सभी खाद्य सामग्री स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, बिहान से संजू पटेल, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





