सारंगढ़।
सारंगढ़-बिलाइगढ़ जिले में शासकीय शिक्षा व्यवस्था की साख, गरिमा और अनुशासन को कायम रखने के लिए जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के स्पष्ट निर्देशों और सतत मॉनिटरिंग के परिपालन में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) श्री जे.आर. डहरिया ने जांच रिपोर्टों के आधार पर चार अलग-अलग मामलों में कड़ा एक्शन लिया है। कर्तव्यहीनता, शराबखोरी, निजी नेटवर्क मार्केटिंग और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोपों में तीन शिक्षक-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक प्रधान पाठक के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर को प्रेषित किया गया है।
प्रशासन के इस अप्रत्याशित और सख्त कदम से जिले भर के लापरवाह और गैर-जिम्मेदार शिक्षक-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

मामला 1- नशे की हालत में स्कूल पहुंचने वाले प्रधान पाठक पर गिरी गाज-
बरमकेला विकासखंड के प्राथमिक शाला राजपुर में पदस्थ प्रधान पाठक सरोज कुमार भोय के खिलाफ शराब के नशे में स्कूल आने, शिक्षण कार्य ठप करने और छात्र-छात्राओं के बीच भय व अव्यवस्था का माहौल बनाने की गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर डीईओ ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामला 2- नेटवर्क मार्केटिंग में मस्त, सहायक शिक्षिका निलंबित-
बरमकेला के ही आश्रम प्राथमिक शाला झाल की सहायक शिक्षिका श्रीमती यशस्वी चौहान शासकीय कर्तव्यों की अनदेखी कर निजी नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में सक्रिय रूप से संलिप्त पाई गईं। शिक्षण कार्य को प्रभावित कर कमिशन के चक्कर में समय गंवाने का आरोप सही पाए जाने पर उन्हें भी तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
मामला 3- सहकर्मियों से अभद्रता और गुंडागर्दी पर गाज-
बिलाईगढ़ विकासखंड के प्राथमिक शाला पकरच के प्रधान पाठक राजेश कुमार गौतम के खिलाफ कर्तव्यों में गंभीर अनुशासनहीनता, सहकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायतें सिद्ध हुईं। पूर्व में विभागीय चेतावनी के बावजूद सुधार न होने पर प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर कड़ा सबक सिखाया है।
मामला 4-
कड़ी कार्रवाई का प्रस्ताव-
इसी कड़ी में शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला झाल (बरमकेला) की प्रधान पाठक श्रीमती अन्ती टोप्पो पर भी सेवा नियमों का उल्लंघन कर निजी नेटवर्क मार्केटिंग में लिप्त रहने के आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित हुए हैं। चूंकि प्रधान पाठक पर सीधी दंडात्मक कार्रवाई का अधिकार उच्च स्तर पर निहित है, अतः उनके विरुद्ध कठोर विभागीय जांच व कार्रवाई हेतु प्रस्ताव संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर को प्रेषित किया गया है।
“विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं” – डीईओ जे.आर. डहरिया
”शासकीय सेवकों के लिए आचरण नियम और विद्यालयीन अनुशासन सर्वोपरि हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन सभी शासकीय स्कूलों में नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग कर रहा है। बच्चों के भविष्य, शिक्षा की गुणवत्ता और शासकीय सेवा की मर्यादा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं पर कठोरतम कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।”
- सारंगढ़ बिलाईगढ़ : शराब पीकर स्कूल आने वाले, नेटवर्क मार्केटिंग में लिप्त और दबंगई करने वाले 3 शिक्षक सस्पेंड…कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कड़े निर्देश पर डीईओ जे.आर. डहरिया की गाज..1 प्रधान पाठक पर विभागीय जांच की अनुशंसा..लापरवाह शिक्षकों में मचा हड़कंप.. - July 30, 2026
- हसौद में कथित अवैध शराब कारोबार पर बढ़ा आक्रोश, निष्पक्ष जांच की उठी मांग… - July 30, 2026
- सारंगढ़:किस्त जमा फिर भी मोबाइल लॉक? ग्राहकों ने लगाए गंभीर आरोप… - July 30, 2026




