बिलाईगढ़। थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.610 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी बिलाईगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली कि बसना से गिधौरी की ओर लाल-काले रंग की बिना पीछे नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर दो युवक गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल पुलिस टीम गठित कर पवनी मोड़ यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की गई।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की मोटरसाइकिल आते ही पुलिस ने उसे रोककर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रमेश कुमार साहू (22 वर्ष) एवं राजकरण यादव (34 वर्ष), दोनों निवासी केवटाडीह (भुतहा), थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर बताया।
एनडीपीएस एक्ट के सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपियों एवं मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.610 किलोग्राम गांजा तथा एक लाल-काले रंग की एसपी साइन मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि प्रमोद कुमार साहू, निवासी केवटाडीह, थाना पचपेड़ी, ने उन्हें गांजा लाने के लिए ओडिशा भेजा था। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रमोद साहू को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल रायगढ़ भेज दिया गया। बिलाईगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।





