सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जुलाई 2026। जिले के शासकीय आश्रम एवं छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी अधीक्षकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन, स्वच्छता, सुरक्षा और ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि छात्रावासों में रहने वाले प्रत्येक बच्चे की देखभाल अभिभावक की तरह की जाए। विशेष रूप से कन्या छात्रावासों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी गर्ल्स हॉस्टलों में सुरक्षा गार्ड की नियमित तैनाती और सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू एवं कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

ऑनलाइन अटेंडेंस में लापरवाही नहीं चलेगी
बैठक में कलेक्टर ने सभी अधीक्षकों से ऑनलाइन चेक-इन एवं चेक-आउट व्यवस्था की जानकारी ली और निर्देश दिए कि प्रतिदिन नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाए। जिन छात्रावासों में स्थायी अधीक्षक नहीं हैं, वहां प्रभारी बनाए गए शिक्षकों को छात्रावास में ही निवास कर विद्यार्थियों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार बने भोजन
कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास में जितने विद्यार्थी दर्ज हैं, भोजन भी उसी संख्या के अनुसार तैयार किया जाए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ परिसर और सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
एक बिस्तर पर एक ही छात्र, बेड की कमी होगी दूर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बिस्तर पर केवल एक ही छात्र सोए। जहां बिस्तरों की कमी है, वहां तत्काल अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
नशामुक्त और अनुशासित माहौल बनाने के निर्देश
बॉयज हॉस्टलों में विद्यार्थियों को नशा और तंबाकू सेवन से दूर रखने, नियमित निगरानी करने तथा अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि छात्रावासों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या विद्यार्थियों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित अधीक्षक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जोइधा राम डहरिया, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त बद्रीश सुखदेवे सहित जिले के सभी शासकीय आश्रम एवं छात्रावासों के अधीक्षक एवं प्रभारी अधीक्षक उपस्थित रहे।
- सारंगढ़:छात्रावासों पर कलेक्टर की सख्ती, सुरक्षा, अनुशासन और ऑनलाइन अटेंडेंस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं… - July 22, 2026
- सारंगढ़:देहदान कर मानवता की अमिट मिसाल छोड़ गए गणेश दास मानिकपुरी… - July 22, 2026
- सारंगढ़:1098 की गूंज हर गांव तक, बाल विवाह पर जीरो टॉलरेंस—कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश… - July 22, 2026




