रायगढ़, 20 जुलाई। रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने गैलेक्सी मॉल के ट्रांसफार्मर से लगातार हो रही अर्थिंग वायर चोरी का खुलासा करते हुए सराहनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों, दो महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही करीब 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये है, बरामद कर लिया गया।
गैलेक्सी मॉल में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत शिव राज कुमार साहू की शिकायत पर कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि ट्रांसफार्मर से जुड़े अर्थिंग वायर की लगातार चोरी हो रही थी। 15 जुलाई की सुबह अज्ञात चोर लगभग 10 मीटर लंबा और 12 किलो वजनी तांबे का अर्थिंग वायर काटकर ले गए थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि बजरंगपारा निगम कॉलोनी के दो विधि से संघर्षरत बालकों ने मोहल्ले की निशा सारथी और रजनी सारथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने सादे वस्त्रों में कार्रवाई करते हुए दोनों बालकों से पूछताछ की, जिन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर का अर्थिंग वायर चोरी करने और उसे गुड्डू उर्फ रमेश सारथी को बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गुड्डू उर्फ रमेश सारथी के कब्जे से चोरी गया पूरा अर्थिंग वायर बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
कोतवाली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल लगातार हो रही ट्रांसफार्मर वायर चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि चोरी का पूरा माल भी बरामद कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और प्रभावी कार्यशैली एक बार फिर सामने आई।




- 25 करोड़ बच्चों के सपनों को पंख देने का सेवा संकल्प..शिक्षा, प्रतिभा और समान अवसरों से गढ़ेंगे भारत का उज्ज्वलभविष्य : डीईओ एल.एन. पटेल… - September 17, 2026
- महेश यादव की रानीसागर तालाब में तैरती मिली लाश, महराजपुर गांव में शोक… - September 17, 2026
- जनपद पंचायत संघ की प्रदेश कार्यकारिणी में ममता राजीव सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, बनीं प्रदेश उपाध्यक्ष,वीरेंद्र साहू प्रदेश अध्यक्ष… - September 17, 2026
