सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर एवं जिला स्तरीय समिति की अध्यक्ष पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की जिला स्तरीय समिति तथा निजी स्कूलों में फीस वृद्धि, पुस्तक एवं ड्रेस की अधिक कीमत वसूली की शिकायतों की निगरानी एवं जांच समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्कूलों में उपस्थिति तथा निजी स्कूलों की मनमानी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कलेक्टर ने स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए शाला त्यागी बच्चों और उनके अभिभावकों से नियमित संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं शिक्षकों को घर-घर पहुंचकर शिक्षा के महत्व, रोजगार के अवसरों और भविष्य निर्माण में पढ़ाई की भूमिका को समझाकर बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।
मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी स्कूलों में भोजन निर्माण के लिए एलपीजी गैस चूल्हे का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में निजी स्कूलों द्वारा फीस बढ़ोतरी, पुस्तक एवं ड्रेस अधिक कीमत पर बेचने संबंधी शिकायतों पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। कलेक्टर ने जिला स्तरीय निगरानी समिति एवं ब्लॉक स्तरीय जांच दल को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर छत्तीसगढ़ शासकीय विद्यालय एवं फीस विनियमन विधेयक-2020 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिभावकों का आर्थिक शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला प्रबंधक खाद्य नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़ स्थापना दिवस सूना क्यों?क्या कांग्रेस विधायकों का दंश झेल रही जिले की जनता – भरत अग्रवाल - September 17, 2026
- 25 करोड़ बच्चों के सपनों को पंख देने का सेवा संकल्प..शिक्षा, प्रतिभा और समान अवसरों से गढ़ेंगे भारत का उज्ज्वलभविष्य : डीईओ एल.एन. पटेल… - September 17, 2026
- महेश यादव की रानीसागर तालाब में तैरती मिली लाश, महराजपुर गांव में शोक… - September 17, 2026
