रायगढ़, 5 जुलाई। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत चौकी जोबी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 15 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3 हजार रुपये बताई है।
जानकारी के अनुसार चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी राठौर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चला रही हैं। अभियान के दौरान ग्रामीणों को शराबबंदी के प्रति जागरूक करने के साथ ही अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जोबी के जवाहर मोहल्ला निवासी नोनी बाई डनसेना (52 वर्ष) अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां शराब पी रहे कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि नोनी बाई डनसेना घर में शराब बेचते हुए पकड़ी गई।
पूछताछ में महिला ने महुआ शराब बनाकर बेचने की बात स्वीकार की। उसके घर से 20 लीटर क्षमता के डिब्बे में रखी 10 लीटर तथा एक जरीकेन में रखी 5 लीटर, कुल 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया।
महिला के विरुद्ध चौकी जोबी, थाना खरसिया में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।



