सालिहा। जिले में चोरी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा के नेतृत्व में सालिहा पुलिस लगातार सक्रिय और मुस्तैदी से कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि 15 लाख रुपये कीमत की चोरी गई सीलबंद जेसीबी मशीन के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा ने टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू कराई। विवेचना के दौरान पुलिस ने विभिन्न टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रेलर की पहचान करते हुए आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जांच में सामने आया कि खनिज विभाग द्वारा अवैध रेत उत्खनन में जब्त कर ग्राम सोनपुर नदी किनारे सील कर रखी गई जेसीबी मशीन को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने ट्रेलर चालक से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। आरोपी के निशानदेही पर चोरी की गई जेसीबी मशीन एवं घटना में प्रयुक्त ट्रेलर को बरामद कर जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने लालच में आकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा के नेतृत्व के साथ-साथ सउनि. देवनारायण साहू, प्रधान आरक्षक निशांत कुमार दुबे, आरक्षक राजेश नारंग, चन्द्रप्रकाश भारद्वाज, रामकुमार पटेल तथा सालिहा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित एवं पेशेवर कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




