सारंगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़ पुलिस ने व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 50 फरार स्थायी वारंटी और 11 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 61 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
पुलिस द्वारा 27 जून 2026 की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त की। अभियान शुरू होने से पहले अनुविभाग स्तर पर पुलिस बल को एकत्रित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और अलग-अलग टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में रवाना किया गया।
सारंगढ़ क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए कमलानगर, फुलझरिया पारा, पठार पारा, चौहान पारा, कुशल नगर सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए गए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
रात्रि 12 बजे से शुरू हुए अभियान के दौरान पुलिस ने होटल, ढाबों और एटीएम की गहन जांच की। बिना कारण देर रात घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेकर दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही जिले के हिस्ट्रीशीटर और गुंडा बदमाशों की भी विशेष निगरानी की गई तथा उन्हें आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 61 वारंटियों की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी उपलब्धि रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना, असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

- लाइनमैन मन्नू भगत और युवाओं की मेहनत से फर्सवानी में रात में ही लौटी बिजली..पत्रकार की पहल और युवाओं के हौसले से रात में ही सुधरा ट्रांसफार्मर… - June 29, 2026
- सारंगढ़:रातभर चला पुलिस का ऑपरेशन, 61 वारंटी गिरफ्तार… अपराधियों में मचा हड़कंप… - June 29, 2026
- टीआई पुरेंद्र मल्होत्रा की सतर्कता लाई रंग, 15 लाख की चोरी गई जेसीबी बरामद, आरोपी गिरफ्तार… - June 29, 2026


