सारंगढ़। जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में लगातार सफलता मिल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सात जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानीसागर स्थित सुरेश सैलून के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने अपनी टीम के साथ योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक सिंह, सुशील दास मानिकपुरी, सुरेश पटेल, सुजीत साहू, कैलाश पटेल, अमन वारे और वस्तु पटेल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुए के फड़ से 14,700 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त किए।
सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यशैली की सराहना की जा रही है। उनके कुशल नेतृत्व में कोतवाली पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में जुटी हुई है। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक अंजान सिंह, संजय भारद्वाज एवं योगेश का भी विशेष योगदान रहा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

- प्रमोद यादव की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, ताश के फड़ पर दबिश देकर 7 आरोपी गिरफ्तार… - June 24, 2026
- सारंगढ़:यातायात नियम तोड़े तो जेब हुई ढीली, दो दिन के अभियान में ₹55 हजार से ज्यादा का जुर्माना वसूला… - June 24, 2026
- आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला, इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए : लोकेश कांवरिया.. - June 24, 2026


