सारंगढ़। बरमकेला के समीप ग्राम चांटीपाली स्थित प्रसिद्ध आंचलिक साहित्यकार डॉ. बिहारी लाल साहू के गृह निवास पर भारतीय जनता पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पाल ने शिष्टाचार भेंट कर साहित्य, संस्कृति एवं संगीत के क्षेत्र में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के विषय में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।
चर्चा के दौरान डॉ. बिहारी लाल साहू ने जिले की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए अपने अनुभव साझा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। साथ ही भविष्य में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए पृथक कार्ययोजना तैयार कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर सहमति बनी।
इस महत्वपूर्ण जनसंपर्क एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीवन रात्रे, ताराचंद मेहर (जिला संयोजक), सारधन चौहान (सह संयोजक), प्रमोद सिंह ठाकुर, रायगढ़ जिला संयोजक मुकेश चतुर्वेदी तथा जिला सोशल मीडिया प्रभारी बजरंग साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने जिले की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।



